देश

महाठग सुकेश चंद्रशेखर का जेल से केजरीवाल को पत्र, तीन और 'बड़े घोटालों' को उजागर करने की दी धमकी

महाठग सुकेश चंद्रशेखऱ ने जेल से ही आम आदमी पार्टी के नाम पर तंज कसते हुए कहा, चिंतित मत होइए, 3 और प्रमुख विभागों में आपके घोटालों और भ्रष्टाचार को उजागर किया जाएगा।

Image

सुकेश चंद्रशेखर का नया पैंतरा

Photo : PTI

Sukesh writes letter to Kejriwal- तिहाड़ जेल में बंद कथित महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक बार फिर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को जेल से लिखे अपने एक नए पत्र में सुकेश ने दावा किया है कि शराब नीति मामले और दिल्ली जल बोर्ड घोटाले के बाद अब वह आम आदमी पार्टी के तीन और प्रमुख विभागों के बड़े घोटालों का पर्दाफाश करने वाला है।

भ्रष्टाचार उजागर करने का दावा

सुकेश ने पत्र की शुरुआत में लिखा, केजरीवाल जी, सत्येंद्र जी और प्रॉक्सी पार्टी, आपके भ्रष्टाचार को उजागर करने के बॉक्स में एक और टिक। 2021-22 के खुलासे सही साबित हुए हैं; अब 'शराब नीति' मामले के बाद यह 'जल बोर्ड' है। अब अगले 3 और घोटालों की बारी है, लोडिंग..."। उसने आम आदमी पार्टी के नाम पर तंज कसते हुए कहा, चिंतित मत होइए, 3 और प्रमुख विभागों में आपके घोटालों और भ्रष्टाचार को उजागर किया जाएगा। जल्द ही AAP - 'एनीटाइम, ऑलवेज पार्टी ऑफ स्कैम'की साख सच्चाई के अगले स्तर पर पहुंचेगी, जो केवल घोटाला ही है।

पंजाब की जनता को लेकर चेतावनी

पंजाब का जिक्र करते हुए सुकेश ने पत्र में लिखा कि केजरीवाल अब पंजाब के लोगों को फिर से बेवकूफ बनाने का सपना छोड़ दें। दिल्ली की तरह ही पंजाब के लोग भी उनके घमंड और घोटालेबाज पार्टी को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार बैठे हैं। सुकेश चंद्रशेखर ने पत्र में आरोप लगाया कि युवाओं और जेनरेशन जेड (Gen Z) को भड़काने की केजरीवाल की प्रॉक्सी रणनीति काम नहीं करेगी।

2015-16 के संबंधों का जिक्र

सुकेश ने पूर्व मुख्यमंत्री को संकेत देते हुए लिखा, मैं आपको एक हिंट देकर जागरूक कर दूं - 'आप और आपके प्रॉक्सी' संस्थापक, उम्मीद है आपको 2015 और 2016 में मेरे साथ हुए जुड़ाव याद होंगे। आप लोगों को भ्रम हो सकता है, लेकिन मेरे पास पूरे सबूत हैं। मैं जल्द ही आपको सरप्राइज दूंगा।

युवाओं को बचाने का दावा

उसने आगे लिखा, मैं आप लोगों को हमारे देश के भविष्य, मेरे छोटे भाइयों और बहनों (युवाओं) को बेवकूफ नहीं बनाने दूंगा। इसलिए केजरीवाल जी, सत्येंद्र जी और आपकी प्रॉक्सी पार्टी, मैं इस बार अंतिम वार करने आ रहा हूं। मैं इसे अंजाम दूंगा और आप सभी को बेनकाब करूंगा। ढेर सारे प्यार के साथ, आपका सबसे बुरा सपना।

सुकेश के आप पर लगातार आरोप

₹200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर लगातार दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) और मीडिया को पत्र लिखकर आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं पर जबरन वसूली, सुरक्षा राशि मांगने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाता रहा है। हालांकि, आम आदमी पार्टी इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करती रही है और सुकेश को बीजेपी का मोहरा बताती आई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article