Gujarat Assembly Byelections: गुजरात में होने वाले उपचुनाव को लेकर ग्रैंड ओल्ड पार्टी 'कांग्रेस' और आम आदमी पार्टी (AAP) की राहें अब अलग हो चुकी हैं। गुजरात कांग्रेस ने दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अकेले किस्मत आजमाने का फैसला किया है। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने शुक्रवार को ऐलान किया कि पार्टी उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी ने उपचुनाव के लिए AAP से दूर रहने का फैसला किया है, क्योंकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने बिना उससे परामर्श के विसावदर सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस के रुख के बावजूद दोनों पार्टियां राष्ट्रीय स्तर पर इंडी गठबंधन का हिस्सा बनी रहेंगी।
AAP ने नहीं निभाया गठबंधन धर्म
गोहिल ने संकेत दिया कि आम आदमी पार्टी इंडी गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद विसावदर सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर 'गठबंधन धर्म' को नहीं निभाया। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक उपचुनावों की तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने पिछले महीने AAP नेता गोपाल इटालिया को विसावदर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था।
उपचुनाव को लेकर हुई चर्चा
गोहिल ने बताया कि हमारी राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में आगामी उपचुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। हर गठबंधन के कुछ सिद्धांत होते हैं। आम आदमी पार्टी ने हमसे सलाह मशविरा किए बगैर विसावदर से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। हम इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन राज्य पार्टी इकाइयां अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं।
