पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला (File photo: PTI)
PM Modi Questions To Congress Over 26/11 Attack: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले को लेकर कांग्रेस से तीखा सवाल किया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को सैन्य कार्रवाई करने से किसने रोका था। पीएम मोदी ने कहा, एक कांग्रेस नेता, जो केंद्रीय गृह मंत्री भी रह चुके हैं, ने कहा है कि एक देश ने 2008 में 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत की सैन्य जवाबी कार्रवाई को रोका था। पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए।"
पीएम मोदी मुंबई के पास नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस की इस कमजोरी ने आतंकवादियों को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को सैन्य जवाबी कार्रवाई करने से किसने रोका था।
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, हमारे लिए, हमारे देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य इस दशक के अंत तक भारत को वैश्विक विमानन क्षेत्र का रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) केंद्र बनाना है।
उन्होंने कहा कि उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की बदौलत पिछले एक दशक में लाखों लोगों ने पहली बार हवाई जहाज की उड़ान भरी है और अपने सपने पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत में केवल 74 हवाई अड्डे थे, लेकिन अब 160 से ज्यादा हैं। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का विजन 'गति और प्रगति' पर आधारित है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने 19,650 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का बुधवार को उद्घाटन किया। कुल 1,160 हेक्टेयर में फैला यह नया हवाई अड्डा भारत की विमानन क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएगा और मुंबई के मौजूदा छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी यातायात के बोझ को कम करेगा। औपचारिक उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने नवनिर्मित सुविधाओं का अवलोकन किया। यह भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना है, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया गया है और यह मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा अंतररराष्ट्रीय हवाई अड्डा है।
पीएम मोदी ने आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मुंबई मेट्रो लाइन-3 के फेज 2बी का भी उद्घाटन किया, जिसका निर्माण 12,200 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। उन्होंने 37,270 करोड़ रुपये की मुंबई मेट्रो लाइन 3 (एक्वा लाइन) राष्ट्र को समर्पित की जो शहरी परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। पीएम मोदी ने मुंबई वन ऐप को भी शुरू किया, जो यात्रियों को कई सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटर के लिए एकीकृत मोबाइल टिकटिंग सहित कई लाभ प्रदान करता है। उन्होंने महाराष्ट्र में कौशल, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग की अल्पकालिक रोजगार दक्षता कार्यक्रम (स्टेप) पहल का भी उद्घाटन किया।
यह कार्यक्रम 400 सरकारी आईटीआई और 150 सरकारी तकनीकी हाई स्कूलों में शुरू किया जा रहा है, जो रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए उद्योग की आवश्यकताओं के साथ कौशल विकास को ढालने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।