देश

'जिनकी नाकामी से पेपर लीक हुए, वो छात्रों को 'दहशतगर्द' बता रहे हैं'; धर्मेंद्र प्रधान पर भड़के राहुल गांधी, मांगा इस्तीफा और माफी

Education Minister Terrorist Comment: राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि अपनी नाकामी छुपाने के लिए सत्ता के अहंकार में डूबी मोदी सरकार अब अपने हक की मांग करने वाले देश के बेकसूर छात्रों को ही आतंकवादी करार दे रही।

Image

'जिनकी नाकामी से पेपर लीक हुए, वो छात्रों को 'दहशतगर्द' बता रहे हैं'; धर्मेंद्र प्रधान पर भड़के राहुल गांधी, मांगा इस्तीफा और माफी (PTI Photos)

Rahul Gandhi Dharmendra Pradhan: देश में हाल ही में हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक विवाद (Paper Leak Controversy) और नीट (NEET) जैसी परीक्षाओं में हुई कथित धांधलियों को लेकर सियासत एक बार फिर चरम पर पहुंच गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) पर सीधा और बेहद तीखा हमला बोला है।

टकरोड़ों युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेलाट

राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक बयान में शिक्षा मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'सत्ता के अहंकार में डूबी मोदी सरकार अब इस मुकाम पर पहुंच गई है कि अपने अधिकारों, निष्पक्ष परीक्षाओं और सुरक्षित भविष्य की मांग करने वाले छात्रों को ही शिक्षा मंत्री 'आतंकवादी' कह रहे हैं। जरा सोचिए - जिसकी नाकामी से इतने पेपर लीक हुए, जिसके राज में 20 बच्चों ने जान दे दी, जिसने करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेल दिया - वो आज पीड़ित बच्चों और उनकी आवाज़ उठाने वालों को 'दहशतगर्द' बता रहा है।'

जो सवाल पूछे, उसे देशद्रोही बता दो - राहुल का तंज

राहुल गांधी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे एक स्थापित पैटर्न बताया। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार की नीतियों से असहमत होता है या सवाल पूछता है, उसे किसी न किसी तमगे से नवाज दिया जाता है। उन्होंने याद दिलाया कि जब देश के अन्नदाता किसानों ने अपने हक की मांग की थी, तो उन्हें 'आंदोलनजीवी और परजीवी' कहा गया। आम नागरिक जब सवाल पूछता है, तो उसे 'Anti-National' (देशद्रोही) कह दिया जाता है और अब जब देश का युवा अपने भविष्य की भीख नहीं, बल्कि अपना अधिकार मांग रहा है, तो उन्हें 'दहशतगर्द' बताया जा रहा है। राहुल ने कहा कि यही इस सरकार की पूरी राजनीति है।

'यह शिक्षा व्यवस्था नहीं, वसूली तंत्र है'

धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत माफी और इस्तीफे की मांग करते हुए राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वे सरकार के हमलों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कोटा (राजस्थान) में छात्रों के बीच दिए अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि आज की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से एक 'वसूली तंत्र' (Extortion System) में तब्दील हो चुकी है, जहां छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर पैसा कमाया जा रहा है। राहुल ने संकल्प लेते हुए कहा कि वे इस व्यवस्था को ऐसे ही नहीं रहने देंगे और हर बच्चे को सस्ती, अच्छी शिक्षा व निष्पक्ष परीक्षा मिले, इसके लिए उनकी लड़ाई और आवाज हमेशा बुलंद रहेगी। बता दें कि इससे पहले धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को NEET-UG परीक्षा 2026 को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर राजनीतिक कारणों से उम्मीदवारों को गुमराह करने और युवा छात्रों के बीच डर पैदा करने का आरोप लगाया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article