देश

छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से करना महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष को पड़ गया भारी! पुणे में केस दर्ज

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ पुणे में मामला दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से कर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया।

Image

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल (फोटो- Harshwardhan Sapkal)

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ पुणे पुलिस ने केस दर्ज किय है। हर्षवर्धन सपकाल पर आरोप है कि उन्होंने हिंदुओं की भावना को भड़काया है। दरअसल हर्षवर्धन सपकाल ने शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से कर दी थी। इसी को लेकर उनके खिलाफ विरोध तेज हो गया है।

किसने की सपकाल के खिलाफ केस?

पुणे सिटी पुलिस ने भाजपा नेता की शिकायत पर यह केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता धीरज घाटे, जो पुणे भाजपा शहर अध्यक्ष हैं, ने आरोप लगाया है कि सपकाल ने छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से कर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया है। धीरज घाटे के अनुसार, पार्वती पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि शिवाजी महाराज को हिंदू समाज भगवान की तरह पूजता है, ऐसे में उनकी तुलना टीपू सुल्तान से करना करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस तरह का बयान देकर सपकाल आखिर क्या साबित करना चाहते हैं।

सपकाल ने क्या कहा था?

दरअसल यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब मालेगांव नगर निगम के उपमहापौर के कार्यालय में टीपू सुल्तान का चित्र लगाए जाने को लेकर शिवसेना और अन्य संगठनों ने विरोध जताया। इसी मुद्दे पर मीडिया से बातचीत के दौरान हर्षवर्धन सपकाल ने मराठी में कहा था कि जिस तरह की वीरता और ‘स्वराज्य’ की अवधारणा छत्रपति शिवाजी महाराज ने स्थापित की, उसी परंपरा से प्रेरित होकर टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने टीपू सुल्तान को भारत का सच्चा सपूत और बहादुर योद्धा बताते हुए कहा कि उन्हें वीरता के प्रतीक के रूप में शिवाजी महाराज के समकक्ष देखा जाना चाहिए।

पुलिस ने क्या कहा?

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह टिप्पणी न केवल हिंदुओं और शिवाजी महाराज के अनुयायियों की भावनाओं को आहत करती है, बल्कि इससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका भी है। पुलिस ने बताया कि हर्षवर्धन सपकाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं—192, 196(1), 196(2), 352 और 356(2)—के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article