CWC Meeting on SIR Row: कांग्रेस कार्य समिति की बैठक मंगलवार को निर्वाचन आयोग और एसआईआर से जुड़े मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में नेताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इसी दौरान कांग्रेस नेता और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा,"पीएम मोदी और गृहमंत्री को देखकर लगता है कि वो मान गए है कि उन्हें जाना होगा,आप भी मान लो (आपको कंफ्यूज नही होना है)।"
वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा,"आप ये मत कहो की ये लोग (ज्ञानेश कुमार) इस्तीफा नही देंगे। इस्तीफा देंगे,आप मजबूती से मांग पर डटे रहो।
सरकार की 'कठपुतली' बन गए चुनाव आयुक्त: खरगे
वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) मोदी सरकार की 'कठपुतली' बन गए हैं। उन्होंने कहा कि हर योग्य नागरिक का वोट सुरक्षित रखना और हर वोट की निष्पक्ष गिनती सुनिश्चित करना लोकतंत्र की बुनियादी भावना है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों ने खुद सीआईसी की गतिविधियों को 'मनमाना और अनुचित' बताया है। खरगे ने आगे आरोप लगाया कि CEC की कोशिशें सत्तापक्ष को फायदा पहुंचाने की रही हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी 'नैतिकता के आधार पर' इस्तीफा देने की मांग की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को अधिकार देने के लिए मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष की थी, लेकिन मोदी सरकार GenZ से घबराकर Form-6 के नियमों में चुपचाप बदलाव कर युवाओं को मताधिकार से बेदखल कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने मताधिकार को लोकतंत्र की सर्वाधिक मौलिक चीज बताया था, लेकिन आज अफसरों की मनमर्जी से दलितों, गरीबों और वंचितों के नाम मतदाता सूची से गायब किए जा रहे हैं।
चुनाव आयुक्त कोम्प्रोमाईज है: के सी वेणुगोपाल
बैठक के दौरान के सी वेणुगोपाल ने कहा, "आज कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक चली, लोकतंत्र के सबसे बड़े मुद्दे पर राहुल गांधी ने बोला. RG लगातार इस मामले पर बोलते रहे है। CEC कोम्प्रोमाईज है, चुनाव चोरी हो रही है।हमारी डिमांड है और ज्ञानेश कुमार को हटाना चाहिए।"
कांग्रेस नेत्री कुमारी शैलजा ने CWC की बैठक पर कहा, "पूरी कांग्रेस पार्टी और पूरे देश लोगों को लोकतंत्र को बचाने के लिए इस लड़ाई में साथ खड़ा होना पड़ेगा। हम लोग राहुल गांधी के साथ हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ इस लड़ाई में है। वोट चोरी का विषय सबसे पहले राहुल गांधी ने उठाया और उनकी एक-एक बात सच साबित हो रही है। कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक इस लड़ाई को लड़ेगी।"
