देश

'डबल टैक्स' पर कांग्रेस का वार! Stock Market निवेशकों के लिए 5 मांगें, सरकार पर 'लूट' का आरोप- VIDEO

शेयर बाजार में निवेश करने वाले मध्यम वर्ग पर डबल टैक्स का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा- LTCG, STT और डिविडेंड टैक्स से निवेशकों की जेब पर दोहरी मार पड़ रही है।

Image

पूर्व कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल

शेयर बाजार में निवेश करने वाले मध्यम वर्ग पर डबल टैक्स का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा- LTCG, STT और डिविडेंड टैक्स से निवेशकों की जेब पर दोहरी मार पड़ रही है। कांग्रेस के अनुसार देश के बहुसंख्यक परिवार मध्यम वर्ग से हैं और इन परिवारों ने अपनी मेहनत की बचत शेयर बाजार में निवेश की।

कांग्रेस का आरोप है कि जून 2024 में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने लोगों से शेयर बाजार में निवेश करने और बड़े फायदे की बात कही थी। कांग्रेस के मुताबिक सितंबर 2024 में सेंसेक्स 85,836 के स्तर पर था, जो 29 सितंबर 2026 को 72,500 के ऊपर रहा। कांग्रेस का दावा है कि दो साल पहले निवेश करने वाले लोगों को मुनाफा नहीं हुआ और करीब साढ़े 12 फीसदी पूंजी का नुकसान हुआ।

निवेशकों को STT भी देना पड़ा

कांग्रेस ने कहा कि निवेशकों को सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स यानी STT भी देना पड़ा। कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था के विकास के आंकड़ों और जमीनी वास्तविकता के बीच अंतर होने का आरोप लगाया। कांग्रेस के अनुसार 31 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा 7.8 फीसदी विकास दर की बात किए जाने के साथ ही सेंसेक्स करीब 3,000 अंक गिर गया था।

कांग्रेस की ये हैं मांगें-

• शेयर बाजार में मध्यम वर्ग के निवेशकों पर दोहरे कर ढांचे को हटाया जाना चाहिए।

• LTCG और STCG करों को समाप्त किया जाना चाहिए

• सरकार को देश की अर्थव्यवस्था को बनाए रखने में सक्षम नहीं होने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

• प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की बातों पर भरोसा करकें शेयरों में निवेश करने वालों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी का स्वीकार हो ।

• प्रधानमंत्री को देश को सच बताना चाहिए, अर्थव्यवस्था के बारे में झूठ नहीं बोलना चाहिए।

पूंजीवाद और चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने का आरोप

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सांठगांठ वाले पूंजीवाद और चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने दावा किया कि सरकार की नीतियों और अर्थव्यवस्था को संभालने में कथित विफलता के कारण अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने दावा किया कि 2004 से 2014 के दौरान UPA सरकार ने शेयरों में निवेश करने वाले मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए LTCG टैक्स को शून्य किया था। कांग्रेस के अनुसार उस समय केवल STT लागू था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने STT के साथ STCG और LTCG टैक्स लगाकर मध्यम वर्ग पर दोहरा टैक्स लगाया है।

'2026-27 में अब तक सरकार ने 40,214.36 करोड़ रुपये का STT वसूला'

कांग्रेस के अनुसार एक साल के भीतर शेयर से होने वाले शॉर्ट टर्म गेन पर 20 फीसदी और लंबी अवधि के निवेश से होने वाले गेन पर 12 फीसदी टैक्स लागू है। कांग्रेस का दावा है कि वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक सरकार ने 40,214.36 करोड़ रुपये का STT वसूला है।कांग्रेस ने 1.29 लाख करोड़ रुपये LTCG के नाम पर टैक्स वसूले जाने का दावा किया। कांग्रेस के अनुसार सरकार ने LTCG टैक्स 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी और STCG टैक्स 15 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी किया। कांग्रेस ने दावा किया कि UPA सरकार के 10 साल के दौरान अंतरराष्ट्रीय मंदी के बावजूद सेंसेक्स में 398 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के 12 साल के दौरान सेंसेक्स के प्रदर्शन को लेकर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस ने LTCG और STCG टैक्स खत्म करने की मांग की

कांग्रेस ने शेयर बाजार में निवेश करने वाले मध्यम वर्ग से डबल टैक्स का ढांचा हटाने की मांग की। कांग्रेस ने LTCG और STCG टैक्स खत्म करने की मांग की, कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था को कथित तौर पर नहीं संभाल पाने के लिए सरकार से देश से माफी मांगने की मांग की। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बयानों पर भरोसा कर शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों के नुकसान की जिम्मेदारी स्वीकार करने की मांग की।कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से अर्थव्यवस्था के बारे में देश को सच्चाई बताने की मांग की।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article