स्पोर्ट्स

AITA को BCCI जितना मजबूत देखना चाहते हैं लिएंडर पेस, राज्यों और व्यक्तियों की जवाबदेही तय करने पर जोर

Leander Paes On AITA: भारत के महान पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के चुनावी मैदान में व्यवस्था को ठीक करने, संगठन की छवि बहाल करने और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के स्पष्ट एजेंडे के साथ कदम रखा है। उन्होंने बताया कि वो क्या कुछ आगे देखना चाहते हैं।

Image

लिएंडर पेस

Photo : PTI

भारतीय टेनिस के महान खिलाड़ी लिएंडर पेस ने अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के चुनावी मैदान में व्यवस्था को ठीक करने, संगठन की छवि बहाल करने और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के स्पष्ट एजेंडे के साथ कदम रखा है। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने अपने पदों का निजी फायदे के लिए दुरुपयोग किया जिससे संघ को नुकसान पहुंचा।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी 53 वर्षीय पेस अंतरिम अध्यक्ष चिंतन पारिख के नेतृत्व वाले समूह की ओर से उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन में आने का उनका फैसला व्यवस्था के भीतर से बदलाव लाने और ऐसा संगठन बनाने की जरूरत से प्रेरित है जिसमें खिलाड़ियों और टूर्नामेंट को प्राथमिकता मिले।

पेस ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, "मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यहां मेरी भूमिका पूरी व्यवस्था को दुरुस्त करने में टीम की मदद करना है। एक साल पहले अखिल भारतीय टेनिस संघ की स्थिति अच्छी नहीं थी। कई वर्षों से ऐसा ही चला आ रहा है।"

युगल और मिश्रित युगल में कुल 18 ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के अलावा रिकॉर्ड सात ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पेस ने कहा कि हर व्यक्ति और प्रत्येक राज्य टेनिस संघ की जवाबदेही तय करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, "मैं अखिल भारतीय टेनिस संघ को बीसीसीआई जितना शक्तिशाली देखना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि हर व्यक्ति और हर राज्य जवाबदेह हो।"

किसी का नाम लिए बिना पेस ने कुछ राज्य संघों, एआईटीए ट्रस्ट की निधियों और उन व्यक्तियों का जिक्र किया जिन पर उन्होंने प्रशासनिक पदों को अपनी बपौती समझने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैं गंदगी के बारे में बात नहीं करना चाहता। कुछ व्यक्ति पद पर बने रहने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।"

पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी ने कहा कि निजी फायदे के लिए पदों के कथित दुरुपयोग से एआईटीए की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है और कारपोरेट जगत से समर्थन हासिल करना मुश्किल हुआ है। उन्होंने कहा, "कुछ पूर्व खिलाड़ियों, प्रशासकों और अन्य लोगों ने एआईटीए की छवि खराब की है। उन्होंने अपने निजी फायदे के लिए व्यवस्था का दुरुपयोग किया। मैंने देखा है कि किस तरह कुछ लोगों ने अपने पदों का इस्तेमाल करके बड़े निजी लाभ हासिल किए। इससे मुझे दुख होता है।"

पेस ने कहा कि राज्य संघों, खेल जगत और कारपोरेट क्षेत्र का भरोसा बहाल करना उनके समूह के प्रयासों का अहम हिस्सा होगा। यह पूछे जाने पर कि ओलंपिक पदक विजेता और सात बार ओलंपिक में हिस्सा ले चुके खिलाड़ी के रूप में उनकी प्रतिष्ठा को देखते हुए वह किसी बड़े पद के लिए चुनाव लड़ने या उत्कृष्ट खिलाड़ी (एसओएम) श्रेणी के जरिये चुनावी प्रक्रिया में शामिल होने के बजाय उपाध्यक्ष पद का चुनाव क्यों लड़ रहे हैं, पेस ने कहा कि वह सीधे नेतृत्व की भूमिका में आने के बजाय प्रशासन की बारीकियां सीखने में विश्वास रखते हैं।

पेस ने कहा कि उन्हें पारिख के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है और उनका मानना है कि एआईटीए के अंतरिम अध्यक्ष के पास व्यवस्था को ठीक करने के लिए जरूरी प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने कहा, "मुझे शत प्रतिशत विश्वास है कि चिंतन पारिख इस काम के लिए सही व्यक्ति हैं। उनके प्रशासन और नेतृत्व में मुझे भी प्रशासन की बारीकियां सीखने का मौका मिलेगा। मैं राजनीति और व्यवस्था के साथ काम करने का तरीका भी सीख सकता हूं।"

पेस ने यह भी स्वीकार किया कि एसओएम श्रेणी के जरिए चुनाव में हिस्सा नहीं लेने का उनका फैसला सोच-समझकर लिया गया था, हालांकि उन्होंने इसके पीछे की परिस्थितियों पर चर्चा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "ओलंपिक पदक विजेता होने के आधार पर मैं टियर 1 में था। सात ओलंपिक में हिस्सा लेने के विश्व रिकॉर्ड के आधार पर भारतीय ओलंपिक संघ में भी मेरे लिए अवसर था। लेकिन मैंने ऐसे व्यक्ति के नेतृत्व में काम करने और उनसे सीखने का फैसला किया है, जिन्हें मेरे से थोड़ा अधिक अनुभव है।"

इस पूर्व टेनिस स्टार ने कहा कि उनका दीर्घकालिक लक्ष्य मजबूत जमीनी ढांचा और खिलाड़ी विकास प्रणाली तैयार करना है, जिसमें राज्य संघ प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें निखारने में केंद्रीय भूमिका निभाएं। उन्होंने एक ऐसी व्यवस्था का खाका पेश किया जिसमें सबसे पहले जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तैयार किया जाएगा, फिर व्यवस्थित घरेलू टूर्नामेंट कैलेंडर बनाया जाएगा और अंत में देश में अधिक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे।

पेस भारत में अधिक एटीपी और डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट आयोजित करना चाहते हैं जिससे कि घरेलू खिलाड़ियों को अधिक समय तक विदेश में रहे बिना विश्व रैंकिंग अंक हासिल करने के अवसर मिल सकें। पूर्व डेविस कप खिलाड़ी ने कहा कि वह भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) और खेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा वह सानिया मिर्जा, महेश भूपति और रोहन बोपन्ना जैसे पूर्व खिलाड़ियों को अगली पीढ़ी तैयार करने की प्रक्रिया से जोड़ना चाहते हैं।

अपने पेशेवर टेनिस करियर के शुरुआती दिनों में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने वाले पेस ने कहा कि छोटे शहरों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को अवसर उपलब्ध कराना उनकी व्यक्तिगत प्राथमिकता होगी। पेस ने कहा कि उनका व्यापक उद्देश्य टेनिस का ऐसा स्वस्थ माहौल तैयार करना है जिसमें प्रशासक, पूर्व खिलाड़ी, राज्य संघ और खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ नहीं बल्कि मिलकर काम करें।

पेस ने कहा, "यह एक समूह का दूसरे समूह के खिलाफ मुकाबला नहीं है। मकसद सही लोगों को सही जिम्मेदारी देकर एक स्वस्थ संगठन तैयार करना है जिसमें खिलाड़ियों, एथलीटों और टूर्नामेंट को सबसे पहले रखा जाए।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article