देश

'भारत 1000 नए विमान खरीदने को तैयार', पीयूष गोयल का बड़ा ऐलान; देश में विमानों की भारी कमी दूर करने की तैयारी

पीयूष गोयल ने मिस्र में दो दिवसीय यात्रा के दौरान स्पष्ट किया कि भारत की कुल आवश्यकता 2,000 से अधिक विमानों की है। देश में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक तेजी से बढ़ रहा है, जिसके मुकाबले एयरलाइंस के पास विमानों की संख्या कम पड़ रही है।

Image

पीयूष गोयल का बड़ा ऐलान

Piyush Goyal: भारत का एविएशन सेक्टर इस समय एक नए दौर से गुजर रहा है। देश में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या और विमानों की भारी किल्लत को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में ऐलान किया है कि भारत 1,000 और नए कमर्शियल विमान खरीदने के लिए तैयार है।

क्यों पड़ी इतने विमानों की जरूरत?

पीयूष गोयल ने मिस्र में दो दिवसीय यात्रा के दौरान स्पष्ट किया कि भारत की कुल आवश्यकता 2,000 से अधिक विमानों की है। देश में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक तेजी से बढ़ रहा है, जिसके मुकाबले एयरलाइंस के पास विमानों की संख्या कम पड़ रही है। गोयल ने बताया कि भारतीय एयरलाइंस पहले ही 1,200 से अधिक विमानों के ऑर्डर दे चुकी हैं। इसके बावजूद देश की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए 1,000 और विमानों की तुरंत जरूरत है। सरकार एयरबस (Airbus) और बोइंग (Boeing) जैसी दिग्गज विमान निर्माता कंपनियों के संपर्क में है ताकि विमानों की डिलीवरी तेजी से की जा सके।

भारत-मिस्र एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर

अपनी मिस्र यात्रा के दौरान पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों के साथ-साथ एयर कनेक्टिविटी को और मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भारत को नए विमान मिलेंगे, एयरलाइंस भारत और मिस्र के बीच सीधी उड़ानों की संख्या बढ़ा सकेंगी। वर्तमान में 'इजिप्टएयर' (EgyptAir) दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें संचालित कर रही है।

ग्लोबल मैन्युफैक्चरर्स का भारत पर बढ़ रहा फोकस

भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ने वाले विमानन बाजारों में से एक है। यही वजह है कि इंडिगो (IndiGo) और एयर इंडिया (Air India) जैसी प्रमुख भारतीय एयरलाइंस ने दुनिया की दो सबसे बड़ी कंपनियों एयरबस और बोइंग को भारी-भरकम ऑर्डर दिए हैं। एयरबस भारत में सैन्य परिवहन विमान और हेलीकॉप्टरों के लिए फाइनल असेंबली लाइनें संचालित कर रही है। बोइंग और एयरबस दोनों मिलकर हर साल भारत से लगभग 2 अरब डॉलर के कंपोनेंट और सेवाएं खरीदते हैं। ब्राजील की विमान निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर ने भी भारत में क्षेत्रीय विमान निर्माण की संभावनाएं तलाशने के लिए अडानी ग्रुप के साथ रणनीतिक साझेदारी की है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article