आज की ताजा खबर, 17 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय अमेरिका दौरा आज से, सीएम योगी आज मथुरा से जाएंगे आगरा
आज की ताजा खबर लाइव, 17 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [राहुल गांधी], [यूथोपिया जवालामुखी], [भारत विमान कमी] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत में नागरिक विमानों की भारी कमी है और हवाई यातायात की मांग पूरी करने के लिए 1,000 और विमानों का ऑर्डर देने की तैयारी है। गोयल ने यह भी कहा कि विमानों की जल्द आपूर्ति के लिए स्थापित विमान निर्माताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश सरकार किशोरियों में मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाएगी और इससे जुड़े मिथकों, भ्रांतियों और सामाजिक हिचक को दूर करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मथुरा से हेलीकॉप्टर द्वारा आगरा पहुंचेंगे। वे शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मिलेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। पढ़ें- देश व विदेश की अन्य खबरें
आज की ताजा खबर, 17 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय अमेरिका दौरा आज से, सीएम योगी आज मथुरा से जाएंगे आगरा
आगरा दौरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से करेंगे मुलाकात, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शमशाबाद रोड स्थित आवास पर जाएंगे सीएम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक के आवास पर पहुंचेंगे। वहां वे परिवार के सदस्यों से मिलकर विधायक के असामयिक निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। खेरिया एयरपोर्ट से लेकर दिवंगत विधायक के आवास तक के रूट और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कमान संभाल ली है और चाक-चौबंद तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दो दिवसीय अमेरिका दौरा आज से, कोलंबिया और शिकागो यूनिवर्सिटी के छात्रों से करेंगे सीधा संवाद
दिन 1: मंगलवार, 17 नवंबर (न्यूयॉर्क)
दौरे के पहले दिन राहुल गांधी न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
स्थान: फैकल्टी हाउस, 64 मॉर्निंगसाइड ड्राइव, न्यूयॉर्क (Columbia University)
समय: दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक (ET) | भारतीय समयानुसार (IST): रात 10:30 बजे से 12:30 बजे तक
कार्यक्रम की रूपरेखा: इस सत्र का परिचय अन्या शिफ्रिन (Anya Schiffrin) द्वारा कराया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे (ET) से वरिष्ठ पत्रकार लिडिया पोलग्रीन (Lydia Polgreen) के साथ राहुल गांधी का एक मॉडरेटेड संवाद (Fireside Chat) शुरू होगा। इस कार्यक्रम में लगभग 350 छात्र और शिक्षक मौजूद रहेंगे। संवाद के बाद एक खुला प्रश्नोत्तर (Q&A) सत्र भी होगा।
दिन 2: बुधवार, 18 नवंबर (शिकागो)
यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी शिकागो पहुंचेंगे, जहां वे यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
स्थान: डेविड रुबेंस्टीन फोरम, फ्रीडमैन हॉल, 1201 ईस्ट 60th स्ट्रीट (University of Chicago)
समय: दोपहर 12:00 बजे से 1:20 बजे तक (CT) | भारतीय समयानुसार (IST): रात 11:30 बजे से 12:50 बजे तक
कार्यक्रम की रूपरेखा: यहां लगभग 300 लोगों की उपस्थिति में राहुल गांधी प्रोफेसर पेप (Prof. Pape) के साथ विशेष चर्चा करेंगे। इस संवाद के बाद भी छात्रों और दर्शकों के लिए एक ओपन क्वेश्चन-आंसर सेशन रखा गया है।
बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई
बीती रात लोनी पुलिस चिरोड़ी चौकी बैरियर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चिरोड़ी बाजार में महिला से चेन छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश मोटरसाइकिल से बागपत की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो नेवला भट्टी गांव के पास नहर की पटरी पर उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक नाम के बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी हरिप्रकाश फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दीपक शामली के झिंझाना का रहने वाला है। उसने अपने साथी हरिप्रकाश के साथ मिलकर चिरोड़ी बाजार में महिला से चेन छीनने की वारदात कबूल की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
लुधियाना के बस स्टैंड के अंदर अचानक आग लग गई
यूरोपीय संघ ने भारत और अन्य देशों के कुछ इस्पात उत्पादों पर एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया
एक जांच के बाद यह शुल्क लगाया गया है, जिसमें पाया गया कि इन देशों से आने वाले कुछ ’कोल्ड-रोल्ड फ्लैट’ स्टील उत्पाद घरेलू बाजार से भी कम कीमतों पर यूरोपीय संघ के बाजार में भेजे रहे थे।
ईयू द्वारा भारत पर 9.5 प्रतिशत, जापान पर 27.9 प्रतिशत, ताइवान पर 20.7 से 27 प्रतिशत, तुर्किये पर 3 से 7.8 प्रतिशत और वियतनाम पर 16 प्रतिशत का एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया गया है।
आयोग ने एक बयान में कहा, ’’आज यूरोपीय आयोग ने भारत, जापान, ताइवान, तुर्किये और वियतनाम से यूरोपीय संघ में आयात किए जाने वाले कुछ कोल्ड-रोल्ड फ्लैट स्टील उत्पादों पर एंटी-डंपिंग शुल्क लगा दिया।’’
दिवाली पर पटाखा लगने से 12 वर्षीय बच्ची ने एक आंख की रोशनी गंवा दी
परिवार के अनुसार, यह घटना आठ नवंबर को रात करीब 10:30 बजे मुकेश नगर की गली नंबर तीन में हुई, जब सातवीं कक्षा की छात्रा जाह्नवी घरेलू सामान खरीदने के लिए किराने की दुकान पर जा रही थी।
उसके पिता नरेंद्र ने आरोप लगाया कि अमित नाम का एक व्यक्ति गली के बाहर बड़े पटाखे फोड़ रहा था। मना करने के बावजूद उसने कथित तौर पर जाह्नवी की ओर एक पटाखा फेंक दिया और फिर उससे उसकी दाहिनी आंख में गंभीर चोटें आईं।
भारत में विमानों की कमी, और विमान खरीदे जाएंगे : गोयल
गोयल ने यह भी कहा कि विमानों की जल्द आपूर्ति के लिए स्थापित विमान निर्माताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ’’हमें हवाई संपर्क बढ़ाने की जरूरत है। जैसे-जैसे हमें और विमान मिलेंगे, हमें विश्वास है कि हम मिस्र के लिए और अधिक उड़ानें शुरू कर सकेंगे।’’
गोयल भारत और मिस्र के बीच व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं।
फिलहाल ’इजिप्टएयर’ भारत और मिस्र के बीच सीधी उड़ानों का संचालन करती है।
गोयल के मुताबिक, भारत फिलहाल विमानों की ’’भारी’’ कमी का सामना कर रहा है।
गोयल ने कहा, ’’हम 1,200 से अधिक विमानों का ऑर्डर दे चुके हैं और 1,000 और विमानों का ऑर्डर देने को तैयार हैं। हमारी जरूरतें पूरी करने के लिए हमें 2,000 से अधिक विमानों की आवश्यकता है। इसलिए हम जल्द आपूर्ति के लिए स्थापित विमान निर्माताओं से संपर्क कर रहे हैं।’’
उप्र सरकार किशोरियों में मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सोमवार को आयोजित राज्य स्तरीय मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक में सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य सभी किशोरियों तक आवश्यक जानकारी और स्वच्छता सुविधाएं समान रूप से पहुंचाना है।
बयान के अनुसार, एनेक्सी भवन में प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मासिक धर्म स्वास्थ्य और किशोरावस्था से जुड़ी जानकारी को नियमित स्कूली गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
झिमोमी ने किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य शिक्षा को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बयान के अनुसार, मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और सामाजिक हिचक को दूर करने के लिए विभिन्न विभागों और सामुदायिक मंचों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। सुरक्षित और स्वच्छ तरीकों को अपनाने के लिए डिजिटल और सोशल मीडिया सहित अन्य संचार माध्यमों से संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर विकास और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पूर्व राष्ट्रपति कोविंद 18 नवंबर को ‘दिव्यांग कल्याण शिविर' का उद्घाटन करेंगे
पूर्व राष्ट्रपति पत्नी सविता कोविंद व पुत्री स्वाति कोविंद के साथ सोमवार को वृंदावन के एक होटल में पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल जाकर वहां साधु-संतों से भेंट करनी थी। लेकिन, मिशन के उपाध्यक्ष स्वामी भजनानंद महराज के निधन के कारण उनका यह कार्यक्रम ऐन वक्त पर रद्द हो गया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शाम को सपरिवार ठा. बांकेबिहारी महाराज के दर्शन एवं पूजा अर्चना की। मंगलवार को कोविंद पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन करेंगे तथा बुधवार को दिव्यांग कल्याण शिविर का उद्घाटन करेंगे।
