देश

अमृतसर में कॉकरोच जनता पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ी CJP; आगे का क्या है प्लान

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने अमृतसर विरोध प्रदर्शन किया और प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोगों का धन्यवाद दिया। यह राजनीतिक आंदोलन NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग कर रहा है।

Image

अमृतसर में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन

अमृतसर : NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में आक्रोश गहराता जा रहा है। इसी क्रम में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में अमृतसर में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। अमृतसर में प्रदर्शन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने कहा कि, "देश के युवा परीक्षाओं में हो रही धांधली से त्रस्त हैं। हमारी मांग है कि शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें।" उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "हमने सरकार से 'मेक इन इंडिया' मांगा था, लेकिन उन्होंने हमें 'लीक इन इंडिया' दिया है।

दिल्ली से शुरू हुआ आंदोलन

यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ था, जो अब देश के विभिन्न हिस्सों में फैल चुका है। CJP ने पिछले कुछ दिनों में पुणे में विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ के इको गार्डन में भारी संख्या में युवा एकत्रित हुए। अमृतसर में शनिवार को अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

पार्टी के अनुसार, अब अगला पड़ाव बेंगलुरु है, जहाँ 20 जून को प्रदर्शन किया जाएगा। गौरतलब है कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके, जो हाल ही में अमेरिका के बोस्टन से भारत पहुंचे हैं, अपने साथ डॉ. बी.आर. अंबेडकर की आत्मकथा लिए हुए नजर आए, जो इस आंदोलन के वैचारिक आधार को दर्शाता है।

नीट-यूजी विवाद के चलते प्रशासनिक खामियों के कारण परीक्षा को पुनर्निर्धारित करना पड़ा है, जो अब 21 जून को आयोजित होगी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) लगातार जांच कर रही है और अब तक कई गिरफ्तारियां भी की जा चुकी हैं।

हाल ही में, CBI डायरेक्टर प्रवीण सूद और NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने संसदीय स्थायी समिति के सामने पेश होकर जांच की प्रगति पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की है। विपक्षी दलों और छात्र संगठनों के बढ़ते दबाव के बीच, यह मुद्दा फिलहाल सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article