Gyanesh Kumar News: एसआईआर (SIR) को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए मुख्य चुनाव आयुक्त CEC ज्ञानेश कुमार का छ्त्तीसगढ़ दौरा रद्द हो गया है। CEC ज्ञानेश कुमार को आज और कल दो दिन के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर जाना था, जिसे अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया। CEC ज्ञानेश कुमार को इन दो दिनों में राज्य अतिथि का दर्जा भी दिया गया था। हालांकि CEC ऑफिस के सूत्रों ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ जाने का प्लान टेंटेटिव था और इस कार्यक्रम के लिए आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई थी। उपचुनाव, इंडिया गठबंधन द्वारा मुलाकात की संभावना और अन्य कई कारणों से CEC का छत्तीसगढ़ जाना संभव नहीं था।
विपक्ष का आरोप और मार्च
कांग्रेस और INDIA गठबंधन का आरोप है कि इस नई प्रक्रिया के जरिए बिना उचित सत्यापन के देश भर के 13 करोड़ से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जिनमें ज्यादातर गरीब, अल्पसंख्यक और विपक्ष के समर्थक वर्ग शामिल हैं। विपक्ष का दावा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की असहमति और आपत्तियों के बावजूद एकतरफा फैसले लेकर चुनाव प्रणाली को प्रभावित किया है।
दिल्ली की सड़कों पर भारी हंगामा और राहुल गांधी का धरना
मंगलवार (6 अक्टूबर) को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA ब्लॉक के दर्जनों सांसदों ने संसद परिसर से निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया। पुलिस ने सांसदों को अशोक रोड और आकाशवाणी भवन के पास भारी बैरिकेडिंग कर रोक दिया। आगे जाने की अनुमति न मिलने पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा, चरणजीत सिंह चन्नी समेत दर्जनों नेता वहीं सड़क और आकाशवाणी परिसर में धरने पर बैठ गए।
पुलिस की कार्रवाई और धक्का-मुक्की
करीब 8 घंटे के धरने के बाद शाम को पुलिस ने परिसर खाली कराने के लिए बल प्रयोग किया। राहुल गांधी और अन्य शीर्ष नेताओं को पुलिस ने घसीटकर बसों में बैठाया और हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप ले गई। भारी राजनीतिक ड्रामे के बाद रात करीब 10 बजे पुलिस ने सभी नेताओं को रिहा किया। शशि थरूर समेत विपक्षी नेताओं ने सरकार और पुलिस की इस कार्रवाई को शर्मनाक और लोकतंत्र विरोधी बताया।
