देश

Career counseling:'छात्रों के लिए शुरू होगी कैरियर काउंसलिंग हेल्प डेस्क...' कृषि मंत्री शिवराज चौहान का बड़ा ऐलान

Career counseling Help Desk: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि छात्रों की कैरियर काउंसलिंग के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी।

Image

कृषि मंत्री शिवराज चौहान का बड़ा ऐलान (फाइल फोटो)

Career counseling Help Desk: केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि छात्रों की कैरियर काउंसलिंग के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी । विदिशा संसदीय क्षेत्र के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज में प्रेम-सुंदर फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने 10वीं के टॉपर्स और 12वीं में सभी विषयों के टॉपर्स सहित कुल 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में एमपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थी शामिल रहे। केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि पढ़ाई के रास्ते में आने वाली छोटी-बड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। 12वीं के बाद बच्चों के सामने अक्सर यह सवाल होता है कि कौन सा कोर्स करें और किस क्षेत्र में कैरियर बनाएं। इसके लिए क्षेत्र में कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था शुरू करने का विचार है, ताकि बच्चों को ढंग से सलाह दी जा सके, इसकी भी शुरुआत करेंगे।

विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति को लेकर भी अहम घोषणा

केंद्रीय मंत्री ने कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी कर पहली बार कॉलेज के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी। हेल्प डेस्क पर कंप्यूटर और लैपटॉप की व्यवस्था रहेगी, जहां विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन भरने में मदद की जाएगी। हम स्कॉलरशिप के लिए आपसे आवेदन भरवाएंगे।

'हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा'

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पढ़ाई में फीस, किताबों, आवागमन और अन्य छोटी-बड़ी जरूरतों के कारण किसी प्रतिभावान बच्चे की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश में लोग मामा कहकर पुकारते हैं और उसका जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए ‘मामा’ केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति जिम्मेदारी, स्नेह और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भाव है। चौहान ने कहा, बेटा-बेटियों मामा तुम्हारे साथ है। मामा मतलब मां का आंचल और पिता का कंधा। दोस्तों जैसा साथी और जरूरत पड़े तो रास्ता दिखाने वाला शिक्षक भी। मामा यानी जो धूप में शीतल छांव बनकर खड़ा हो जाए।

'...ताकि हमारे बच्चों को बाहर भटकना न पड़े'

मामा यानी बचपन की वो जिद, जिसे बिना किसी शर्त के पूरा करने की कोशिश की जाए। मामा यानी वो भरोसा कि जब कोई साथ न हो, तब भी एक कंधा हमेशा तुम्हारे साथ खड़ा रहे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व बताते हुए कहा कि, आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे विषय तेजी से भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं। मेरी कोशिश है कि इन नए विषयों की पढ़ाई हमारे अपने क्षेत्र में शुरू हो, ताकि हमारे बच्चों को बाहर भटकना न पड़े और वे यहीं पढ़-लिखकर भविष्य की नई तकनीकों में आगे बढ़ सकें।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article