PM Modi Xi Jinping Meeting : BRICS शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच शनिवार, 12 सितंबर को महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों में हाल के दिनों में हुई प्रगति का स्वागत किया और रिश्तों को रणनीतिक तथा दीर्घकालिक नजरिए से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत और चीन के बीच मतभेदों को विवाद में नहीं बदलना चाहिए। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के संबंधों के लिए तीन महत्वपूर्ण आधार बताए—पारस्परिक सम्मान, पारस्परिक संवेदनशीलता और पारस्परिक हित।
सीमा पर शांति को बताया जरूरी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों के निरंतर विकास का आवश्यक आधार है। उन्होंने दोनों पक्षों से सीमा से जुड़े मौजूदा समझौतों और आपसी सहमतियों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने सीमा विवाद के निष्पक्ष, तर्कसंगत और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस समाधान को दोनों देशों के व्यापक द्विपक्षीय संबंधों और दोनों देशों की जनता के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - भारत की ‘डिनर डिप्लोमेसी’: पुतिन-जिनपिंग समेत ब्रिक्स नेताओं के लिए सजा खास मेन्यू, जानें क्या-क्या परोसा गया
व्यापार और आर्थिक रिश्तों पर भी चर्चा
मोदी और शी जिनपिंग ने आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों की भी समीक्षा की। दोनों नेताओं ने व्यापार में संरचनात्मक असंतुलन, सप्लाई चेन से जुड़े मुद्दों और बाजार तक बेहतर एवं पूर्वानुमेय पहुंच जैसी चिंताओं को दूर करने की जरूरत पर जोर दिया।
दोनों पक्षों ने कारोबार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों की आवाजाही को बढ़ावा देने पर भी सहमति जताई। जन-से-जन संबंधों में हुई प्रगति का स्वागत करते हुए दोनों नेताओं ने इन संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
वैश्विक मुद्दों पर साझा आधार बढ़ाने पर सहमति
बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और चीन को क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर साझा आधार का विस्तार करते रहना चाहिए और सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने में सहयोग बढ़ाना चाहिए।
BRICS के लिए चीन के समर्थन की PM मोदी ने की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए चीन के समर्थन की सराहना की। साथ ही उन्होंने BRICS शिखर सम्मेलन-2026 को सफल बनाने में चीन के योगदान के लिए भी आभार व्यक्त किया। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत और चीन के बीच संबंधों को स्थिर करने और सीमा पर शांति कायम रखने के प्रयासों के साथ-साथ दोनों देशों के बीच व्यापारिक एवं रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
