देश

'BJP को न तो चंदा मिले, न ही वोट', अखिलेश यादव बोले- लोगों को डराने-धमकाने की हो रही कोशिश

Ram Mandir Donation Theft Row: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर राम मंदिर के कथित चंदा चोरी मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

Image

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Ram Mandir Donation Theft Row: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को आरोप लगाया कि अयोध्या के एक मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़ी खबरें उत्तर प्रदेश के गांवों तक पहुंच गई हैं और भाजपा को इस मुद्दे पर जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।

अखिलेश ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, "अयोध्या में एक मंदिर में चढ़ावे की चोरी की खबर हर गांव तक पहुंच गई है। इस बार भाजपा को न तो चंदा मिलेगा, न दान और न ही वोट।"

भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने भाजपा पर इस मुद्दे को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वे (भाजपा नेता) लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। वे कहानियां गढ़ रहे हैं और वास्तविक मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए दूसरों का नाम घसीट रहे हैं।" अखिलेश ने भाजपा पर धार्मिक मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों दोनों को धोखा देने का आरोप लगाया।

उन्होंने भगवान राम और संविधान का जिक्र करते हुए कहा, "मर्यादा से जुड़ा पहला नाम भगवान राम का है और दूसरा संविधान का। भाजपा नेताओं ने आस्था, मर्यादा और भक्ति के साथ विश्वासघात किया है। अब वे संविधान और लोकतंत्र को भी कमजोर करने की तैयारी कर रहे हैं।" अखिलेश ने कहा, "हमें उम्मीद है कि भगवान राम के नाम पर चढ़ाए गए चढ़ावे के बारे में सच्चाई लोगों के सामने आएगी। एक बार सच्चाई पता चलने के बाद लोग अपना फैसला सुनाएंगे।"

'सरकार के खिलाफ बढ़ रही जनता की नाराजगी'

श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के पदाधिकारियों-चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर अयोध्या में वकीलों के विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी बढ़ रही है और लोग वोट के जरिये भाजपा को सत्ता से हटाने का इंतजार कर रहे हैं।

अखिलेश ने राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाने वाले लोगों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इन लोगों को न्याय मिलेगा।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में न्याय की मांग करने वाले लोगों को एक सरकारी दफ्तर से दूसरे के चक्कर लगाने को मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश में कभी भी इतने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार नहीं देखा गया। तहसील हो, पुलिस थाने हों या सरकारी विभाग, हर जगह जबरन वसूली का एक सुव्यवस्थित तंत्र काम कर रहा है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article