देश

राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का द्रमुक को नहीं दिख रहा फायदा...नीतीश कुमार ने किया उम्मीदवारी का समर्थन

केंद्र की भाजपा सरकार पर तमिलनाडु का हर तरीके से अपमान करने का आरोप लगाते हुए इलानगोवन ने कहा कि राधाकृष्णन का नामांकन ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में मार्च-अप्रैल 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Image

सीपी राधाकृष्णन का समर्थन नहीं करेगा डीएमके

CP Radhakrishnan: द्रमुक के वरिष्ठ नेता टी.के.एस. इलानगोवन ने सोमवार को कहा कि भाजपा द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार नामित करने से तमिलनाडु को कोई फायदा नहीं होने वाला है। राज्यसभा के पूर्व सदस्य इलानगोवन ने सवाल किया कि द्रमुक को राधाकृष्णन के नामांकन का समर्थन क्यों करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मामले में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के फैसले का पालन करेगी, जिसमें द्रमुक एक प्रमुख सहयोगी है।

कहा- तमिलनाडु का कोई भला नहीं होने वाला

उन्होंने कहा, राधाकृष्णन का नामांकन उनके लिए एक पदोन्नति है, लेकिन तमिलनाडु के लिए इसका कोई भला नहीं होने वाला है। केंद्र की भाजपा सरकार पर तमिलनाडु का हर तरीके से अपमान करने का आरोप लगाते हुए इलानगोवन ने कहा कि राधाकृष्णन का नामांकन ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में मार्च-अप्रैल 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

उन्होंने पीटीआई वीडियोज से कहा कि भाजपा नेतृत्व ने एक तमिल को नामित किया है ताकि यह दावा किया जा सके कि उसने तमिलों के लिए अच्छा काम किया है। इलानगोवन ने कहा कि इसके अलावा, (नए उपराष्ट्रपति का) कार्यकाल भी केवल लगभग दो वर्ष का होगा, जो जगदीप धनखड़ के कार्यकाल की शेष अवधि है।

नीतीश कुमार ने किया राधाकृष्णन की उम्मीदवार की समर्थन

वहीं, जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन को अपनी पार्टी का समर्थन देने की सोमवार को घोषणा की। जद(यू), राजग का एक सहयोगी दल है। नीतीश कुमार ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन जी को राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने के निर्णय का स्वागत है। जद (यू) सी.पी. राधाकृष्णन जी का समर्थन करेगी। उन्हें शुभकामनाएं।

एनडीए ने रविवार को तमिलनाडु की एक प्रमुख ओबीसी जाति से ताल्लुक रखने वाले और आरएसएस की पृष्ठभूमि वाले अनुभवी भाजपा नेता सी.पी. राधाकृष्णन को अपना उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article