Nitin Nabin New Team: बीजेपी आज शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में कई अहम संगठनात्मक बैठक चल रही है। इस बैठक में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य-स्तर के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। गौरतलब है कि बैठक से पहले राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सभी छह अंतरों का गायन किया गया।
यह बातचीत नई टीम के लिए एक परिचय सत्र की तरह होगी और इसमें संगठन की प्राथमिकताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल और बीजेपी के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने पर ध्यान देने को लेकर हो रही है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के पद संभालने के करीब छह महीने बाद घोषित नई राष्ट्रीय टीम की ये पहली औपचारिक बैठक है।
'मोदी@25' के रोडमैप पर मंथन
जानकारी के मुताबिक, बैठक का पूरा फोकस 'Modi@25' कार्यक्रम पर रहेगा। पीएम नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक पद पर बने रहने के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। पार्टी इस मौके को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है। बैठक में देश भर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनता तक पहुंच बनाने के तरीके और कैंपेन की टाइमलाइन तय की जाएगी।
कई दिग्गज नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी
17 अगस्त को बीजेपी ने पार्टी अध्यक्ष नवीन के नेतृत्व में पदाधिकारियों की एक नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आठ राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं, साथ ही संगठन में अन्य नियुक्तियां भी की गई हैं।
इसके अलावा, वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे सीनियर नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल और बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बने रहेंगे, जबकि पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस ने क्या लिया फैसला?
बता दें कि कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में यह तय किया गया है कि पार्टी के सभी आंतरिक कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' के केवल पहले दो अंतरा ही गाए जाएंगे। इसके साथ ही पार्टी ने साल 1937 में अपनाए गए अपने ऐतिहासिक प्रस्ताव और रुख पर दोबारा मुहर लगा दी है। दरअसल, यह विवाद 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह से शुरू हुआ था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ, जिसमें राष्ट्रीय गीत के गायन के दौरान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी आपस में बातचीत करते दिखे थे।
इसपर बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने राष्ट्रीय गीत को बीच में ही रुकवाने की कोशिश की और इसे राष्ट्रगीत का अनादर बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की। हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सोनिया गांधी केवल खरगे जी के बैठने के लिए कुर्सी मंगवा रही थीं, गीत रोकने की कोई मंशा नहीं थी।
