देश

पहली द्विपक्षीय यात्रा पर भारत पहुंचे बालेंद्र शाह, कल पीएम मोदी संग करेंगे बैठक, ऊर्जा-कनेक्टिविटी समेत कई मुद्दों पर रहेगा जोर

भारत दौरे पर कल यानी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात होगी। इस दौरान दोनों के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच ऊर्जा,जलविद्युत,रेलवे,कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक के बाद दोनों नेता नेपाल में चल रही कई परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी कर सकते हैं।

Image

बालेंद्र शाह और पीएम मोदी (फाइल फोटो)

नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह भारत दौरे पर आ गए हैं। राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आए हैं। मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद शाह की यह पहली भारत यात्रा है,और साथ ही प्रधानमंत्री के तौर पर उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है।

भारत दौरे पर कल यानी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात होगी। इस दौरान दोनों के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच ऊर्जा,जलविद्युत,रेलवे,कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक के बाद दोनों नेता नेपाल में चल रही कई परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी कर सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम द्विपक्षीय समझौतों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान होने की संभावना है। दोनों नेताओं की इस मुलाकात से आने वाले वर्षों में भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा मिल सकती है।

ऊर्जा और जलविद्युत सहयोग पर रहेगा विशेष जोर

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग जारी है। दोनों देश बिजली उत्पादन और आपूर्ति को लेकर अपनी साझेदारी को और मजबूत करना चाहते हैं। नेपाल ने वित्त वर्ष 2025-26 में भारत को बिजली निर्यात से करीब 1,800 करोड़ नेपाली रुपये की कमाई की। बता दें कि भारत नेपाल के लिए बिजली का एक प्रमुख बाजार है। दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक बिजली आपूर्ति समझौता भी इस साझेदारी का अहम हिस्सा है।

रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना पर भी चर्चा

बैठक में सीमा पार रेल और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। दोनों देश रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक जैसी परियोजनाओं की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इससे यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई के लिए भी नए रास्ते खुल सकते हैं।

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा भी शुरू

इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा भी शुरू होगी। इससे रामायण परंपरा से जुड़े भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क मजबूत होगा।

भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार

बता दें कि भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन और निवेश साझेदार है। नेपाल को भारतीय बाजार में शुल्क मुक्त पहुंच हासिल है। नेपाल के कुल वस्तु निर्यात का करीब 80 फीसदी हिस्सा भारत आता है। वहीं, नेपाल में विदेशी निवेश के मामले में भी भारत सबसे आगे है। नेपाल में प्राप्त कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में भारत की हिस्सेदारी लगभग एक तिहाई है। दोनों देशों के बीच विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे, तकनीक और आर्थिक सहयोग को लेकर व्यापक साझेदारी है। नेपाल एक भू-आबद्ध देश है और समुद्र तक पहुंच के लिए भारत पर निर्भर है। अपनी जरूरतों का बड़ा हिस्सा भी नेपाल भारत से या भारत के रास्ते आयात करता है।

सीमा विवाद के बीच हो रही है मुलाकात

मोदी और बालेंद्र शाह की यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब कुछ महीने पहले दोनों देशों के संबंधों में सीमा विवाद को लेकर हल्की तल्खी आई थी। मई में बालेंद्र शाह ने भारत-नेपाल के पुराने सीमा विवाद को सुलझाने के लिए चीन और ब्रिटेन की भागीदारी की बात कही थी। इसके बाद भारत ने स्पष्ट किया था कि सीमा विवाद के समाधान में किसी तीसरे देश की भूमिका स्वीकार्य नहीं है। भारत का कहना था कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच पहले से ही द्विपक्षीय व्यवस्था मौजूद है।

भारत और नेपाल के बीच लिपुलेख,लिम्पियाधुरा और कालापानी को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद है। भारत इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध काफी मजबूत रहे हैं। दोनों देशों के रिश्तों को अक्सर 'रोटी-बेटी' के संबंधों के रूप में भी बताया जाता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article