टेक एंड गैजेट्स

Apple पर भारत में 1,500 करोड़ रुपये का मुकदमा, iPhone के NameDrop फीचर पर पेटेंट चोरी का आरोप

GG Technologies ने Apple के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। स्टार्टअप का आरोप है कि iPhone का NameDrop फीचर उसकी पेटेंट तकनीक की नकल है।

Image

अमेरिका में भी Apple के खिलाफ कार्रवाई/ Photo- Apple

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple कानूनी मुश्किल में घिर गई है। अमेरिका की एक स्टार्टअप कंपनी GG Technologies ने भारत में Apple के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। स्टार्टअप का आरोप है कि iPhone का NameDrop फीचर उसकी पेटेंट तकनीक की नकल करता है। NameDrop की मदद से दो iPhone को एक-दूसरे के पास लाकर कॉन्टैक्ट डिटेल शेयर की जा सकती है। कंपनी ने इस मामले में Apple से 1,500 करोड़ रुपये (करीब 161.86 मिलियन डॉलर) के हर्जाने की मांग की है। इसके साथ ही फीचर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की अपील भी की है।

क्या है Apple का NameDrop फीचर?

Apple ने जून 2023 में iOS 17 के साथ NameDrop फीचर पेश किया था। इसकी मदद से दो यूजर अपने iPhone को एक-दूसरे के करीब लाकर आसानी से कॉन्टैक्ट डिटेल शेयर कर सकते हैं। इसके लिए फोन नंबर या दूसरी जानकारी मैन्युअली टाइप करने की जरूरत नहीं पड़ती। बाद में अक्टूबर 2023 में watchOS 10.1 के जरिए compatible Apple Watch में भी इसका सपोर्ट दिया गया।

क्या है GG Technologies का आरोप?

अमेरिका के सांता मोनिका स्थित GG Technologies StayTouch नाम का ऐप बनाती है। यह ऐप भी दो स्मार्टफोन को पास लाकर कॉन्टैक्ट डिटेल शेयर करने की सुविधा देता है। कंपनी का दावा है कि उसने इस तकनीक पर 2019 में अमेरिका में पेटेंट सुरक्षा के लिए आवेदन किया था। भारत में इसके लिए 2021 में आवेदन किया गया और जुलाई 2024 में पेटेंट मिला।

कंपनी का आरोप है कि Apple का NameDrop फीचर उसकी भारतीय पेटेंट तकनीक का उल्लंघन करता है। GG Technologies ने बॉम्बे हाई कोर्ट में 781 पन्नों की याचिका दाखिल की है। इसमें कंपनी ने NameDrop के इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ भारत में इस फीचर के साथ आने वाले iPhone और Apple Watch की बिक्री तथा आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

अमेरिका में भी Apple के खिलाफ कार्रवाई

यह विवाद सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। GG Technologies ने अप्रैल में अमेरिका में भी Apple के खिलाफ पेटेंट उल्लंघन का मुकदमा दायर किया था। इसके बाद अगस्त में अमेरिकी इंटरनेशनल ट्रेड कमीशन (ITC) ने मामले की जांच शुरू की। वहां भी स्टार्टअप ने कथित तौर पर पेटेंट का उल्लंघन करने वाले Apple डिवाइस के आयात और बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।

अभी कोर्ट में सुनवाई का इंतजार

GG Technologies के मुताबिक, भारत में मुकदमा दायर करने से पहले अप्रैल में मध्यस्थता की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन सितंबर में यह असफल रही। इसके बाद अक्टूबर में कंपनी ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया। फिलहाल इस मामले में सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है। Apple ने इस मामले पर टिप्पणी के लिए भेजे गए सवालों का जवाब नहीं दिया है।

GG Technologies की स्थापना 2018 में गौरव गोयल ने की थी। वह IIT दिल्ली से पढ़े हैं और पहले Goldman Sachs में निवेश बैंकर रह चुके हैं। कंपनी का StayTouch ऐप iOS और Android दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। अब इस मामले में अदालत का फैसला तय करेगा कि Apple के NameDrop फीचर पर कोई रोक लगती है या नहीं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article