शहर

'राहुल गांधी से डिबेट करने के लिए भाजपा का मंडल अध्यक्ष काफी...', नितिन नबीन ने LoP को सुनाई खरी-खरी

SIR Row: भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेश में देश को 'अपमान' करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने कहा कि लोग पूछते हैं, वोट कैसे चोरी हो गया?

Image

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

SIR Row: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को चंडीगढ़ में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की ताकत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होते, बल्कि पूरे साल जनता के बीच रहकर पार्टी और लोगों के लिए काम करते हैं। उन्होंने ऐसे नेताओं पर भी निशाना साधा, जो सिर्फ चुनाव के दौरान राजनीतिक गतिविधियों में नजर आते हैं।

'पार्ट टाइम राजनेता नहीं हैं भाजपा कार्यकर्ता'

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता साल के 365 दिन और 24 घंटे काम करता है। उसके लिए चुनाव का आना या खत्म होना काम करने का आधार नहीं है। उन्होंने कहा, "भाजपा का कार्यकर्ता 24×7 काम करता है। उसके लिए चुनाव का आना-जाना मायने नहीं रखता। वह हर दिन काम करता है। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन नहीं हैं। कुछ लोग हैं, जो चुनाव आने पर ही नजर आते हैं, लेकिन मुझे खुशी है कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा समाज से जुड़कर आगे चलता है।''

राहुल गांधी पर बरसे नितिन नबीन

इस दौरान, नितिन नबीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेश में देश को 'अपमान' करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग पूछते हैं, वोट कैसे चोरी हो गया? सच यह है कि वोट चोरी नहीं हुआ है। जिनकी जमीन खिसकी है, उन्हें ही लगता है कि वोट चोरी हुआ है।

उन्होंने कहा कि 13 करोड़ लोगों के नाम कटने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि 2.8 करोड़ लोग मृतक हैं। 6.3 करोड़ लोग स्थानांतरित हैं। एक करोड़ लोग डुप्लीकेट हैं और 3 करोड़ लोग अनुपस्थित हैं। उन्होंने कहा, ''वो (राहुल गांधी) आते हैं, बयान देते हैं और मैदान छोड़कर भाग जाते हैं। संसद के पटल पर बात करने की हिम्मत नहीं होती। वीडियो जारी कर कहते हैं, डिबेट करूंगा! अरे, आपसे डिबेट करने के लिए भाजपा का मंडल अध्यक्ष काफी है। पीएम मोदी को सामने आने की जरूरत ही नहीं है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article