Kaliganj By Election: पश्चिम बंगाल के कालीगंज सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा ने आगामी कालीगंज विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए आशीष घोष को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया है।
कौन हैं आशीष घोष
भाजपा उम्मीदवार स्थानीय पंचायत के सदस्य और पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष हैं। भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘‘घोष एक वफादार और समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हैं। वह क्षेत्र के लोगों के लिए काम करते हैं। वह संगठनात्मक उद्देश्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।’’
TMC की अलीफा अहमद से होगा मुकाबला
तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कालीगंज विधानसभा सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए अलीफा अहमद को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। अलीफा अहमद (38) तृणमूल कांग्रेस के दिवंगत विधायक नसीरुद्दीन अहमद की बेटी हैं, जिनका इस वर्ष फरवरी में निधन हो जाने के कारण यह उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। अलीफा कालीगंज से जिला परिषद की सदस्य रह चुकी हैं और स्थानीय राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल रही हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने नदिया जिले में विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। अलीफा अक्सर अपने पिता के साथ देखी जाती थीं।
कांग्रेस को वाम का सपोर्ट
कांग्रेस ने काबिल उद्दीन शेख को अपना उम्मीदवार बनाया है तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा ने उन्हें समर्थन दिया है। उपचुनाव के लिए मतदान 19 जून को होगा और परिणाम 23 जून को घोषित किये जायेंगे। यह उपचुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य में एक वर्ष से भी कम समय में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
