देश

पश्चिम बंगाल में TMC को मात देने की तैयारी में राहुल! पीरजादा खोबैब अमीन कांग्रेस में शामिल

पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मुस्लिम समुदाय पर प्रभाव रखने वाले पीरजादा खोबैब अमीन शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस अपने आप को लगातार मजबूत कर रही है।

Image

पश्चिम बंगाल के पीरजादा खोबैब अमीन कांग्रेस में शामिल

पश्चिम बंगाल में टीएमसी को मात देने की तैयारी में कांग्रेस जुटी दिख रही है। बंगाल में ममता बनर्जी का मुख्य वोट बैंक मुस्लिम समाज है, कांग्रेस की नजर अब उसी वोट बैंक पर है। यही कारण है कि कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के पीरजादा खोबैब अमीन को अपनी पार्टी में शामिल करा लिया है।

बंगाल में मुस्लिम समुदाय पर प्रभाव

पश्चिम बंगाल के बसीरहाट और कई अन्य क्षेत्रों में प्रभाव रखने वाले पीरजादा खोबैब अमीन शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। राज्य के कई इलाकों के मुस्लिम समुदाय पर अमीन के परिवार का असर माना जाता है। उन्होंने कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शुभांकर सरकार की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बंगाल के साथ-साथ ओडिशा और त्रिपुरा में भी प्रभाव

खेड़ा ने पार्टी में उनका स्वागत करते हुए कहा, "पीरजादा अमीन जी पश्चिम बंगाल के मशहूर परिवार से हैं। इनके परिवार का प्रभाव पश्चिम बंगाल के साथ ओडिशा, त्रिपुरा में भी है और मुस्लिम पुनर्जागरण में इनके परिवार ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। पीरजादा जी का परिवार समाज में सौहार्द और शांति बनाए रखने की मिसाल है। इनके परदादा का रिश्ता कांग्रेस पार्टी से रहा है और वे लोग आजादी के आंदोलन में भी जुड़े रहे थे। हम खुशकिस्मत हैं कि राजनीति में आने के निर्णय में पीरजादा जी ने कांग्रेस पार्टी को चुना। हम इनका कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हैं।"

अगले साल बंगाल में होने हैं विधानसभा चुनाव

पश्चिम बंगाल में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कोविड की लहर थी और कांग्रेस मजबूती से चुनाव नहीं लड़ी थी, लोकसभा चुनाव में एक ही एलायंस में होने के बाद भी बंगाल में कांग्रेस और टीएमसी अलग-अलग चुनाव लड़ी थी। चुनाव के बाद से कांग्रेस और टीएमसी के रिश्ते में खटास रही है और कांग्रेस अब ममता बनर्जी को उन्हीं के स्टाइल में मात देने की तैयारी करती दिख रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article