देश

RLM अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को बिश्नोई गैंग ने दी जान से मारने की धमकी, कई बार आए कॉल और मैसेज

Upendra Kushwaha: सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य होने का दावा करने वाले व्यक्तियों से मौत की धमकी मिली है। कुशवाहा ने कहा कि यह सुरक्षा का गंभीर मामला है। मैंने पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचित कर दिया है और घटना की तत्काल जांच का अनुरोध किया है।

Image

आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया

Photo : ANI

Upendra Kushwaha: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य होने का दावा करने वाले व्यक्तियों से मौत की धमकी मिली है। गुरुवार देर शाम को कथित तौर पर फोन कॉल और टेक्स्ट मैसेज के जरिए धमकियां दी गईं। आरएलएम नेता ने आगे कहा कि कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया। कुशवाहा ने मीडिया को बताया कि उन्हें रात 8:52 से 9:20 के बीच दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कई फोन कॉल आए।

मुझे 10 दिनों में जान से मारने की धमकी दी गई: उपेंद्र कुशवाहा

सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कल मुझे 2-3 फोन कॉल और एक संदेश मिला जिसमें मुझे 10 दिनों में जान से मारने की धमकी दी गई। फोन करने वाले ने दावा किया कि वह बिश्नोई गिरोह से है। मैंने पुलिस को सूचित कर दिया है, वे जांच कर रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि यह सुरक्षा का गंभीर मामला है। मैंने पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचित कर दिया है और घटना की तत्काल जांच का अनुरोध किया है। सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

इस बीच, प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कुशवाहा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इससे क्षेत्रीय विकास से जुड़ी बड़ी घोषणाएं होंगी। उन्होंने कहा कि सीवान के लोग आज प्रधानमंत्री के आगमन का इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जहां भी गए हैं, उन्होंने उस क्षेत्र को विशेष उपहार दिए हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए दलों के बीच सीटों का बंटवारा सुचारू रूप से हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे, जिसकी शुरुआत 20 जून को बिहार और ओडिशा से होगी तथा इसके बाद 21 जून को वे आंध्र प्रदेश जाएंगे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री सीवान में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, जो बिहार में बुनियादी ढांचे और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। गंगा नदी के संरक्षण और पुनरुद्धार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री क्षेत्र के लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत 1,800 करोड़ रुपये से अधिक लागत के छह सीवेज उपचार संयंत्रों (एसटीपी) का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री बिहार के विभिन्न शहरों में 3000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जलापूर्ति, स्वच्छता और एसटीपी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे, जिसका उद्देश्य इन शहरों के नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article