Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रभारी नियुक्त किए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पटना में मुलाकात की।
धर्मेंद्र प्रधान के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी नीतीश कुमार से मिलने एक, अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे। भले ही इसे ‘शिष्टाचार’ मुलाकात बताया गया हो, लेकिन इस बैठक के बाद सियासी हलचल तेज हो चुकी है।
अमित शाह ने पटना में पार्टी नेताओं से की मुलाकात
इस मौके पर मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी एवं जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा भी मौजूद थे। भाजपा द्वारा हाल में नयी जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद प्रधान शुक्रवार से पटना में हैं। उसी दिन उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई पार्टी नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया था। शनिवार को प्रधान ने राज्य की राजधानी पटना के दीघा विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रचार अभियान किया। यह सीट राज्य के 243 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे बड़े निर्वाचन क्षेत्रों में से एक मानी जाती है।
सीट शेयरिंग का ऐलान नवरात्रि के बाद: अमित शाह
बता दें कि शुक्रवार को अमित शाह ने पटना में एक अहम बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय स्तर के 40 बड़े नेता शामिल हुए. बैठक में बिहार चुनाव को लेकर गहन चर्चा हुई। पटना में बीजेपी दफ्तर में हुई बैठक में बिहार चुनाव के लिए भाजपा के चुने गए प्रत्याशियों की लिस्ट अमित शाह को सौंपी गई। हालांकि इस लिस्ट में किसका-किसका नाम है, इसके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, अमित शाह ने कहा है कि सीट शेयरिंग का ऐलान नवरात्रि के बाद होगा।
40 नेताओं को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी
बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि BJP के राष्ट्रीय स्तर के 40 नेताओं को बिहार के 40 लोकसभा सीटों की कमान सौंपी गई है। इसका मतलब है कि राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों को 40 लोकसभा सीटों में बांटकर बीजेपी ने अपनी चुनावी रणनीति तय की है।
उन्होंने आगे बताया कि बैठक में शामिल हुए राष्ट्रीय स्तर के 40 नेताओं को अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेवारी सौंपी गई है। जितने विधानसभा हैं, वहां बारीकी के साथ चुनाव कैसे लड़ा जाय इस पर चर्चा हुई। दो तिहाई सीटों पर चुनाव कैसे जीती जाए इस चुनौती को कैसे अवसर में बदला जाय इस पर चर्चा हुई।
