देश

सैफ अली खान पर हमला करने वाले से जुड़ा बड़ा खुलासा, जानें कौन है और कहां का रहने वाला है आरोपी; पुलिस ने बताया सबकुछ

Saif Ali Khan Attack Case: अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को ठाणे से दबोचा गया है, जिसे फिलहाल 'खार पुलिस स्टेशन' में रखा गया है। इसी बीच हमलावर को लेकर कई और बड़े खुलासे हुए हैं।

Image

कौन है सैफ अली खान पर हमला करने वाला शख्स?

Mumbai News: मुंबई पुलिस को सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सैफ पर हमला करने वाले शख्स को पुलिस ने दबोच लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है। लेकिन एक सवाल सभी के जेहन में उठ रहा होगा कि ये आरोपी आखिर कौन है, कहां का रहने वाला है? इसने किस वजह से अभिनेता सैफ पर हमला किया? इस तरह के तमाम सवालों के अब तक का सबसे बड़ा अपडेट सामने आया है।

बांग्लादेशी है सैफ अली खान पर हमला करने वाला?

मुंबई के डीसीपी जोन 9 दीक्षित गेदम ने कहा, "आरोपी के बांग्लादेशी होने का अनुमान लगाने के लिए प्राथमिक सबूत मौजूद हैं। उसके पास वैध भारतीय दस्तावेज नहीं हैं। कुछ जब्ती से संकेत मिलता है कि वह बांग्लादेशी नागरिक है...अभी तक, हमें लगता है कि आरोपी पहली बार (सैफ अली खान के) आवास में घुसा है।"

पहले मुंबई के एक पब में काम करता था आरोपी

आरोपी का नाम मोहम्मद आलियान उर्फ BJ है। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद का हिंदू नाम विजय दास बताया था। सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी को डीसीपी जोन-6 नवनाथ धवले की टीम, जोन-9 और कासारवडवली पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी ठाणे (प.) में एक मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट के पास स्थित एक लेबर कैंप में की गई। आरोपी पहले मुंबई के एक पब में काम करता था।

आरोपी ने झूठ बताया था अपना नाम, क्या है असली नाम

मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी विजय दास, बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास सहित कई नामों का इस्तेमाल कर रहा था।

खार पुलिस स्टेशन में है गिरफ्तार आरोपी

सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार आरोपी को खार पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है। पुलिस स्टेशन के बाहर की तस्वीरें सामने आ रही हैं, नीचे देखिए।

पश्चिम बंगाल के नादिया तालुका के रहने वाला है आरोपी

मुंबई पुलिस ने बताया है कि 'सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला 30 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, चोरी के इरादे से अभिनेता के घर में घुसा था। अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाला बांग्लादेश का नागरिक है, भारत में घुसने के बाद उसने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था।' हालांकि इससे पहले दावा किया जा रहा था कि आरोपी पश्चिम बंगाल के नादिया तालुका के रहने वाला है। वो मुंबई के वर्ली कोलीवाडा मे कुछ दोस्तो के साथ एक किराए के घर मे रह रहा था। पिछले कुछ महीनों से आलीयान बेरोजगार भी था, जिससे पुलिस को शक है कि शायद इसीलिए एक मोटी कमाई के लिए सैफ अली खान को निशाना बनाया।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें