देश

राजस्थान के 14वें CM बने भजनलाल शर्मा, दीया कुमार-प्रेमचंद ने ली डिप्टी सीएम की शपथ, PM भी रहे मौजूद

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2023, 01:31 PM IST

Bhajanlal Sharma Swearing In : शर्मा सांगानेर से पहली बार विधायक चुने गए। 15 दिसम्बर 1967 को भरतपुर के नदबई के अटारी गांव में किशन स्वरूप शर्मा के यहां भजनलाल का जन्म हुआ था। भजनलाल शर्मा जब 27 साल के थे तो पहली बार सरपंच बने। 10 साल तक सरपंच रहने के बाद वह पंचायत समिति के सदस्य रहे।

Bhajanlal Sharma Swearing In : भाजपा नेता भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जयपुर में राज्यपाल कलराज मिश्र ने शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजकुमारी दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम के रूप में शपथ दिलाई गई। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वहां मौजूद थे। मंच पर राज्यपाल कलराज मिश्र, भजनलाल शर्मा, पीएम मोदी, दीया कुमारी और बैरवा मौजूथ थे। जबकि मंच के नीचे केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के सीएम, गणमान्य एवं विशिष्ट अतिथि बैठे थे।

समारोह में अशोक गहलोत भी पहुंचे

शपथ ग्रहण समारोह में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ खड़से, डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश स्तर के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

कौन हैं भजनलाल शर्मा

शर्मा सांगानेर से पहली बार विधायक चुने गए। 15 दिसम्बर 1967 को भरतपुर के नदबई के अटारी गांव में किशन स्वरूप शर्मा के यहां भजनलाल का जन्म हुआ था। भजनलाल शर्मा जब 27 साल के थे तो पहली बार सरपंच बने। 10 साल तक सरपंच रहने के बाद वह पंचायत समिति के सदस्य रहे। फिर बीजेपी संगठन में भाजयुमो जिला मंत्री से प्रदेश महामंत्री तक कई दायित्व निभाए और 34 साल का राजनीतिक सफर पूरा करने बाद पहली बार सांगानेर से विधानसभा पहुंचे और अब मुख्यमंत्री बने हैं। निर्विवाद छवि वाले भजनलाल शर्मा युवा हैं और पूर्वी राजस्थान के भरतपुर से आते हैं!

भाजपा ने शर्मा को नामित कर चौंकाया

राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे गत 3 दिसंबर को आए। विधानसभा की 199 सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 115 सीटों पर जीत मिली। इसके बाद से लगातार कयास लगाए जा रहे थे कि अब राज्य का मुखिया कौन बनेगा। भाजपा ने तमाम चर्चित नामों को दरकिनार कर, सांगानेर से पहले बार विधायक चुने गए, पार्टी के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बना दिया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article