देश

'बांग्लादेश में दो चिकन नेक, एक में भी पैदा हुआ व्यवधान तो...', हिमंत बिस्वा सरमा ने दिखाया आईना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि जो लोग ‘चिकन नेक कॉरिडोर’ पर भारत को ‘आदतन धमकी’ देते हैं, उन्हें ध्यान देना चाहिए कि बांग्लादेश में जमीन के दो ऐसे संकरे क्षेत्र हैं, जो ‘कहीं अधिक असुरक्षित’ हैं। सरमा ने दावा किया कि पड़ोसी देश के लिए, इनमें से किसी एक 'चिकन नेक' में व्यवधान उत्पन्न होने से उसकी आर्थिक और राजनीतिक राजधानियों के बीच संपर्क टूट जाएगा।

Image

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (फाइल फोटो)

Bangladesh Chicken Necks: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि जो लोग ‘चिकन नेक कॉरिडोर’ पर भारत को ‘आदतन धमकी’ देते हैं, उन्हें ध्यान देना चाहिए कि बांग्लादेश में जमीन के दो ऐसे संकरे क्षेत्र हैं, जो ‘कहीं अधिक असुरक्षित’ हैं। बता दें कि भारत का चिकन नेक, जिसे सिलीगुड़ी कॉरिडोर के नाम से जाना जाता है, भूमि की एक संकरी पट्टी है, जिसकी चौड़ाई लगभग 22-35 किमी है, जो पूर्वोत्तर क्षेत्र को शेष भारत से जोड़ता है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने क्या कुछ कहा?

सरमा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जो लोग आदतन भारत को ‘चिकन नेक कॉरिडोर’ पर धमकाते रहते हैं, उन्हें ये तथ्य भी ध्यान में रखना चाहिए: बांग्लादेश में भी दो ‘चिकन नेक’ हैं। दोनों ही बहुत ज्यादा असुरक्षित हैं। पहला है 80 किलोमीटर लंबा उत्तरी बांग्लादेश कॉरिडोर- दखिन दिनाजपुर से दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स तक। यहां कोई भी व्यवधान, पूरे रंगपुर डिवीजन को बांग्लादेश के बाकी हिस्सों से पूरी तरह से अलग कर सकता है।”

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, “दूसरा, 28 किलोमीटर लंबा चटगांव कॉरिडोर है, जो दक्षिण त्रिपुरा से बंगाल की खाड़ी तक है। भारत के चिकन नेक से भी छोटा यह गलियारा बांग्लादेश की आर्थिक राजधानी और राजनीतिक राजधानी के बीच एकमात्र संपर्क मार्ग है।”

'एक भी हुआ गड़बड़ तो...'

सरमा ने दावा किया कि पड़ोसी देश के लिए, इनमें से किसी एक 'चिकन नेक' में व्यवधान उत्पन्न होने से उसकी आर्थिक और राजनीतिक राजधानियों के बीच संपर्क टूट जाएगा, तथा दूसरे में व्यवधान उत्पन्न होने से पूरा रंगपुर संभाग देश के बाकी हिस्सों से अलग हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं केवल भौगोलिक तथ्य प्रस्तुत कर रहा हूं, जिसे कुछ लोग भूल सकते हैं। भारत के सिलीगुड़ी कॉरिडोर की तरह, हमारे पड़ोसी देश में भी दो संकरे गलियारे हैं।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article