देश

Ban on Flying Drones: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच लेह में ड्रोन और यूएवी उड़ाने पर लगा 'प्रतिबंध'

Ban on flying drones: स्थानीय लोगों, पर्यटकों या व्यक्तियों द्वारा ड्रोन और यूएवी उड़ाने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों द्वारा इस चेतावनी के साथ दिया गया कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित कानूनों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Ban on Flying Drones: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए लेह जिले में ड्रोन या मानव रहित हवाई वाहनों (यूएवी) को उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया।अधिकारियों ने विश्वसनीय जानकारी और राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा ड्रोन या यूएवी के “संभावित दुरुपयोग” को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।

लगभग एक जैसे आदेशों में लेह के जिला मजिस्ट्रेट संतोष सुखदेव और करगिल के जिला मजिस्ट्रेट श्रीकांत बालासाहेब सुसे ने कहा कि ये आदेश सार्वजनिक सुरक्षा के हित में जारी किए गए हैं तथा अगले निर्देश तक लागू रहेंगे।ये अलग-अलग आदेश भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचे के खिलाफ मिसाइल हमले किए जाने के एक दिन बाद जारी किए गए।

आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक सुरक्षा, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और आम जनता के लिए खतरे की आशंका को देखते हुए, लेह के पुलिस अधीक्षक ने आम जनता और पर्यटकों द्वारा ड्रोन और यूएवी उड़ाने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने कहा कि लेह जिले के संपूर्ण अधिकार क्षेत्र में स्थानीय लोगों, पर्यटकों या किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के ड्रोन या यूएवी को उड़ाना, चलाना या उपयोग करना सख्त वर्जित है।

आदेश में कहा गया है, 'कोई भी व्यक्ति जो इस आदेश का उल्लंघन करते हुए किसी ड्रोन या यूएवी को उड़ते हुए देखता है तो उसे तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) या पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना देनी चाहिए।' इस बीच, ‘ऑल लद्दाख होटल एंड गेस्ट हाउस एसोसिएशन’ ने लेह हवाई अड्डे से उड़ानें बाधित होने के कारण फंसे पर्यटकों के लिए निःशुल्क ठहरने की घोषणा की है। एसोसिएशन की अध्यक्ष रिग्जिन वांगमो लाचिक ने कहा कि एसोसिएशन ने फंसे हुए पर्यटकों की सहायता के लिए यह कदम उठाया है और निर्णय लिया है कि जिन मेहमानों की उड़ानें मौजूदा स्थिति के कारण रद्द कर दी गई हैं, उन्हें उन्हीं होटलों में नि:शुल्क ठहरने की सुविधा प्रदान की जाएगी, जहां वे लद्दाख में ठहरे हुए हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article