क्रिकेट

देश से बड़ा नहीं क्रिकेट... भारत-पाकिस्तान तनाव के चलते एक हफ्ते के लिए स्थगित हुआ IPL 2025

IPL 2025 Suspended For One Week: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने आईपीएल 2025 को तत्काल प्रभाव से एक हफ्ते के लिए स्थगित करने का फैसला किया है।

Image

आईपीएल 2025 होगा स्थगित- रिपोर्ट (X)

IPL 2025 suspended: आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आईपीएल 2025 को तत्काल प्रभाव से एक हफ्ते के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। गुरुवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया मुकाबला धर्मशाला में ब्लैकआउट घोषित किए जाने के बाद रद्द कर दिया गया। ऐसे में धर्मशाला में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने आपात बैठक आयोजित की और स्थिति की समीक्षा की।

बैठक से पहले आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण सिंह धूमल ने पीटीआई को दिए बयान में कहा, हम अभी स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।मौजूदा आईपीएल सत्र के जारी रहने पर धूमल ने कहा, हमें सरकार से कोई निर्देश नहीं मिला है। सभी हितधारकों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। हालांकि आईपीएल के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया है कि टूर्नामेंट को फिलहाल एक हफ्ते के लिए स्थगित किया जाता है।

सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई द्वारा कहा जा रहा है कि- हमारी प्राथमिकता देश है। हम देश के साथ खड़े हुए दिखना चाहते हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च अहमियत रखती है। क्रिकेट देश से बड़ा नहीं है। हम देखेंगे कि अगली विंडो कब है जब टूर्नामेंट पूरा कराया जा सके लेकिन फिलहाल प्राथमिकता देश के साथ खड़े रहने की है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने लीग के निलंबन की पुष्टि करते हुए पीटीआई से कहा, "यह अच्छा नहीं लगता कि जब देश युद्ध में है तब क्रिकेट चलता रहे।"

खिलाड़ियों को स्पेशल ट्रेन से भेजा गया दिल्ली

पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों को स्पेशल ट्रेन से शुक्रवार सुबह उना से दिल्ली भेजा गया। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए बयान में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा,'हम सभी को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए धर्मशाला के नजदीक से एक विशेष ट्रेन का प्रबंध कर रहे हैं। फिलहाल मैच रद्द कर दिया गया है और स्टेडियम को खाली करा लिया गया है। हम कल की स्थिति के आधार पर टूर्नामेंट के भविष्य पर फैसला लेंगे। फिलहाल खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। स्थिति के कारण आज रात मैच जारी नहीं रखा जा सकता था। यह सुरक्षित नहीं था।'

11वें ओवर में रोक दिया गया था मैच

गुरुवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले को पंजाब की पारी के 11वें ओवर की पहली गेंद फेंके जाने के बाद रोक दिया गया। शुरुआत में फ्लड लाइट्स में तकनीकी खामी को इसकी वजह बताया गया लेकिन बाद में पता चला की भारत पाकिस्तान के बीच तनातनी बढ़ने के बाद धर्मशाला में ब्लैक आउट किया गया इसके बाद मैच को रद्द किए जाने का फैसला किया गया। फ्लड लाइट के बंद होने के बाद दर्शकों को स्टेडियम से बाहर जाने के लिए कहा गया। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण धूमल दर्शकों से स्टेडियम छोड़ने का अनुरोध करते नजर आए।

दूसरी बार बीच सीजन स्थगित

आईपीएल 2025 को स्थगित करने का फैसला ये दूसरा मौका होगा जब आईपीएल का आयोजन एक साथ पूरा नहीं हो सका। ऐसा साल 2021 में कोरोना के दौरान आईपीएल को स्थगित करने का फैसला किया था। इसके बाद टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों का दूसरे चरण में यूएई में सितंबर-अक्तूबर में आयोजित किया था। ऐसे में भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच बीसीसीआई को एक बार फिर टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला करना पड़ा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article