सूरत के लिंबायत इलाके में लूट के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला होने के बाद पुलिस ने फायरिंग की। घटना में आरोपी परवेज मुशरफ अंसारी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि चाकू के हमले में घायल ASI अनिलकुमार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, परवेज पर एक ही दिन में लूट की चार वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और उसे पकड़ने पहुंचे ASI अनिलकुमार पर कमर से चाकू निकालकर पेट के हिस्से में वार कर दिया।
हवा में किया एक राउंड फायरिंग
पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए PI डी.डी. चौहान ने आरोपी को चाकू फेंकने की चेतावनी दी और हवा में एक राउंड फायर किया। इसके बावजूद आरोपी ने PI पर भी हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद आत्मरक्षा में PI चौहान ने आरोपी पर गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी। घायल ASI अनिलकुमार को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी परवेज को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
तीन इलाकों में लूट की वारदातों का आरोप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर कल तड़के वराछा, कतारगाम और महिधरपुरा इलाकों में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट के कुछ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
