देश

राम मंदिर चंदा विवाद: चंपत राय और अनिल मिश्रा रहेंगे या जाएंगे? अयोध्या में ट्रस्ट की बैठक आज, हो सकते हैं बड़े बदलाव

श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक आज यानी सोमवार को होगी। यह बैठक चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले की जारी जांच के बीच हो रही है। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा हो सकती है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से चर्चा के लिए मौजूद रहने को कहा है।

Image

चंपत राय और अनिल मिश्रा (File photo)

Photo : PTI

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक आज होगी। चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले की जांच के बीच बुलाई गई इस बैठक को ट्रस्ट के भविष्य और प्रशासनिक ढांचे के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस बीच बैठक से ठीक पहले एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले यह बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मठ मणिरामदास छावनी में प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित करने का फैसला लिया गया है।

बैठक में रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों ने चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले के सामने आने के बाद अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि,ट्रस्ट ने अभी तक उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं किए हैं। ऐसे में आज होने वाली इस बैठक में इस पर फैसला लिया जा सकता है।

महासचिव पद के लिए बजरंगलाल बागड़ा सबसे आगे

बताया जा रहा है कि महासचिव पद के लिए बजरंगलाल बागड़ा सबसे आगे हैं। कृष्णमोहन और नीरज दौनेरिया के नाम भी चर्चा में हैं। ट्रस्ट में एक नए सदस्य के रूप में VHP के इंद्रप्रस्थ क्षेत्र के संगठन मंत्री नीरज दौनेरिया को शामिल किए जाने पर भी विचार हो सकता है।

नई प्रशासनिक व्यवस्था पर भी हो सकता है फैसला

यदि दोनों इस्तीफे स्वीकार किए जाते हैं तो ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में ट्रस्ट के कामकाज को सुचारु रूप से चलाने के लिए नई जिम्मेदारियां तय करने, विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव की भूमिका और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

SIT की शुरुआती रिपोर्ट पर होगी चर्चा

बैठक में कथित हेराफेरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भी ट्रस्ट के सामने रखी जा सकती है। एसआईटी प्रशासनिक स्तर पर जांच कर रही है,जबकि दूसरी ओर ट्रस्ट की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस भी समानांतर जांच में जुटी हुई है। दोनों एजेंसियां अब तक चंपत राय अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के बयान दर्ज कर चुकी हैं। हालांकि अभी तक ट्रस्ट के किसी पदाधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

वित्तीय दस्तावेजों को मिल सकती है मंजूरी

बैठक में वर्ष 2025-26 के बिना ऑडिट वाले आय-व्यय विवरण, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय दस्तावेज भी मंजूरी के लिए रखे जाएंगे। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

नृत्य गोपाल दास कर सकते हैं अध्यक्षता

ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास हाल ही में लखनऊ के मेदांता अस्पताल से स्वस्थ होकर लौटे हैं। उन्हें 29 जून को सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण के कारण भर्ती कराया गया था,जबकि गत शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। ऐसे में संभावना है कि वह स्वयं बैठक की अध्यक्षता करेंगे।वहीं, वरिष्ठ न्यासी के. परासरन उम्र संबंधी कारणों से यात्रा करने में असमर्थ हैं और उनके वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल होने की संभावना है।

11 सदस्यीय ट्रस्ट के सामने कई अहम फैसलों की चुनौती

फिलहाल ट्रस्ट में 11 नियमित सदस्य हैं। चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे लंबित हैं,जबकि ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन के बाद एक पद पहले से रिक्त है। ट्रस्ट में अभी उपाध्यक्ष का पद भी खाली है,ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक पर इसलिए टिकी हैं निगाहें

राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद यह ट्रस्ट की पहली महत्वपूर्ण बैठक है। ऐसे में सिर्फ इस्तीफों पर फैसला ही नहीं, बल्कि जांच की दिशा, ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और भविष्य की कार्यप्रणाली को लेकर भी अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। यही वजह है कि अयोध्या से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

UP: एक साथ आज नामांकन दाखिल करेंगे BJP के सभी 8 उम्मीदवार, नौवां प्रत्याशी भी उतार सकती है भगवा पार्टी

UP: एक साथ आज नामांकन दाखिल करेंगे BJP के सभी 8 उम्मीदवार, नौवां प्रत्याशी भी उतार सकती है भगवा पार्टी

'अगर पुलिस मुझ पर हमला करती है तो क्या मैं रसगुल्ला फेकूंगा? मैं भी हमला करूंगा', हिरासत में लिए गए हुमायूं कबीर

'अगर पुलिस मुझ पर हमला करती है तो क्या मैं रसगुल्ला फेकूंगा? मैं भी हमला करूंगा', हिरासत में लिए गए हुमायूं कबीर

पटियाला हाउस कोर्ट का बड़ा फैसला, 'वोट चोरी' प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार 17 स्वतंत्र पत्रकारों और छात्रों को मिली जमानत, 4 महिलाएं तुरंत रिहा

पटियाला हाउस कोर्ट का बड़ा फैसला, 'वोट चोरी' प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार 17 स्वतंत्र पत्रकारों और छात्रों को मिली जमानत, 4 महिलाएं तुरंत रिहा

ACP विवेक भगत को नहीं मिला एडिशनल DCP का चार्ज, महिला पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार के आरोपों के बीच बड़ा फैसला, दिल्ली सरकार ने बदला आदेश

ACP विवेक भगत को नहीं मिला एडिशनल DCP का चार्ज, महिला पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार के आरोपों के बीच बड़ा फैसला, दिल्ली सरकार ने बदला आदेश

Bypoll Elections: 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू, नंदीग्राम में महासंग्राम, जानिए कहां-कहां हैं अहम मुकाबले

Bypoll Elections: 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू, नंदीग्राम में महासंग्राम, जानिए कहां-कहां हैं अहम मुकाबले