उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को होगा चुनाव, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 29, 2022, 08:11 PM IST

Vice President Election: चुनाव आयोग ने आज घोषणा की कि अगर जरूरत पड़ी तो भारत के अगले उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए 6 अगस्त को मतदान होगा। उसी दिन मतगणना भी होगी।

उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को होगा चुनाव, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई

उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 6 अगस्त को होगा। भारत के चुनाव आयोग ने बुधवार यानी 29 जून को इसकी घोषणा की। मतदान यदि आवश्यक हो तो 6 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव आयोग 5 जुलाई को चुनाव बुलाने की अधिसूचना जारी करेगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई है। नामांकन की स्क्रूटनी 20 जुलाई को होगी और आवेदन वापस लेने की आखिरी तारीख 22 जुलाई है।

वर्तमान में वेंकैया नायडू देश के उपराष्ट्रपति हैं। उनका कार्यकाल अगस्त में समाप्त हो रहा है। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति के रूप में भी कार्य करते हैं। दोनों सदनों के सांसद उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान करते हैं। नामित सदस्यों सहित लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल बनाते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे की बैठक में उपराष्ट्रपति चुनाव के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

चुनाव में भारतीय जनता पार्टी नीत राजग को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। आयोग के अनुसार उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों के कुल 788 सदस्य शामिल होते हैं। सभी मतदाता संसद के दोनों सदनों के सदस्य हैं, इसलिए प्रत्येक सांसद के वोट का मूल्य एकसमान होगा। यह चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार होता है। इसमें गुप्त मतदान होता है और इस चुनाव में खुले मतदान की कोई अवधारणा नहीं है। 

किसी उम्मीदवार के नामांकन पत्र में कम से कम 20 प्रस्तावक और 20 अनुमोदक होने चाहिए। कोई मतदाता किसी एक ही उम्मीदवार के प्रस्तावक या समर्थक हो सकते हैं। उम्मीदवार अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं और चुनाव के लिए जमानत राशि 15,000 रुपए है।

End of Article