'विस में बीजेपी MLAs ने खाया तंबाकू और खेला गेम!', ये VIDEO शेयर कर बोली SP- ये सदन को बना रहे मनोरंजन का अड्डा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 25, 2022, 10:09 AM IST

UP Vidhan Sabha Viral Video: यह वीडियो किसने शूट किया है और कब का है? यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। न ही बीजेपी की इस पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया आई है।

'विस में बीजेपी MLAs ने खाया तंबाकू और खेला गेम!', ये VIDEO शेयर कर बोली SP- ये सदन को बना रहे मनोरंजन का अड्डा
Photo Credit: Twitter

UP Vidhan Sabha Viral Video: उत्तर प्रदेश की विधानसभा में सदन की कार्यवाही के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायकों ने कथित तौर पर तंबाकू खाया और मोबाइल गेम खेला। मामले से जुड़े वीडियो समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोशल मीडिया पर साझा किए और बीजेपी को घेरा। कहा कि ये सदन की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं और उसे मनोरंजन का अड्डा बना रहे हैं।

सपा ने ट्वीट में लिखा, "भाजपा विधायक सदन की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं! महोबा से भाजपा विधायक सदन में मोबाइल गेम खेल रहे और झांसी से भाजपा विधायक तंबाकू खा रहे। इन लोगों के पास जनता के मुद्दों के जवाब नहीं हैं। ये सदन को मनोरंजन का अड्डा बना रहे हैं। यह बेहद निंदनीय और शर्मनाक है !"

वैसे, यह वीडियो किसने शूट किया है और कब का है? यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। न ही बीजेपी की इस पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया आई है। टाइम्स नाउ नवभारत भी इस वीडियो की प्रामाणिकता की कोई पुष्टि नहीं करता है।

जो वीडियो वायरल हुए हैं, वे पीछे से शूट किए गए हैं और उनमें विधायकों के चेहरे साफ नहीं दिखे। वे तिरछी ओर से नजर आए। पहले वीडियो में कान में हेडफोन लगाए विधायक हाथ में लिए स्मार्टफोन पर गेम खेलने में मशगूल नजर आए। इतने अधिक कि उन्हें पता भी नहीं चला कि पीछे से किसी ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

इस बीच, दो अन्य वीडियो भी सामने आए, जिनमें भगवा कुर्ता में एक और विधायक तंबाकू और मसाला हाथ में लेकर उसे मिलाने के बाद फांकते नजर आए। उन्होंने इसे मिलाने और खाने के अपनी मुंडी थोड़ी नीचे झुका रखी थी।  

End of Article