डॉ. हर्षवर्धन ने कहा- इस साल के अंत तक देश में बन जाएगी कोरोना वैक्सीन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 22, 2020, 10:57 PM IST

Corona vaccine in India: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि हमें पूरा विश्वास है कि इस साल के अंत तक कोरोना का टीका विकसित किया जाएगा।

डॉ. हर्षवर्धन ने कहा- इस साल के अंत तक देश में बन जाएगी कोरोना वैक्सीन
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वैक्सीन पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इस साल के अंत तक टीका आ जाएगा। उन्होंने कहा, 'हमारी एक वैक्सीन क्लिनिकल ट्रायल के तीसरे चरण में है। हमें पूरा विश्वास है कि इस वर्ष के अंत तक एक टीका विकसित किया जाएगा।'

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से कहा था कि देश के वैज्ञानिक कोराना का टीका विकसित करने में जी-जान से जुटे हुए हैं। भारत में एक नहीं, दो नहीं, तीन-तीन वैक्सीन टेस्टिंग के अलग-अलग चरण में हैं। वैज्ञानिकों से जब हरी झंडी मिल जाएगी, बड़े पैमाने पर उत्पादन होगा और उनकी तैयारियां भी पूरी तरह से तैयार हैं। 

वहीं देश का शीर्ष चिकित्सा अनुसंधान निकाय भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) वैक्सीन पोर्टल बनाने पर काम कर रहा है, जहां भारत में वैक्सीन से संबंधित सभी सूचनाएं मिलेंगी। अगले सप्ताह तक ICMR वैक्सीन पोर्टल को सार्वजनिक कर दिया जाएगा। पहले चरण में ICMR वैक्सीन पोर्टल भारत में कोविड 19 वैक्सीन की जानकारियां देगा। हालांकि, समय के साथ-साथ विभिन्न अन्य बीमारियों को रोकने के लिए उपयोग किए जाने वाले अन्य सभी टीकों की जानकारी भी पोर्टल पर डाली जाएगी। यहां अपडेट अंग्रेजी के अलावा कई क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस पोर्टल का मकसद होगा कि कोरोना वैक्सीन से संबंधित सभी जानकारी और अपडेट एक ही जगह पर उपलब्ध हों। क्षेत्रीय भाषाओं में अपडेट उपलब्ध कराने के पीछे का विचार यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक तक जानकारी पहुंचे। अगले सप्ताह तक पोर्टल के शुरू होने की संभावना है। भारत में दो स्वदेशी सहित तीन कोविड-19 वैक्सीन क्लिनिकल ट्रायल्स के विभिन्न चरणों में हैं। 

कोरोना केस 30 लाख पार

भारत में कोविड-19 के मामलों की संख्या शनिवार रात 30 लाख के आंकड़े को पार कर गई। अभी 16 दिन पहले ही यह संख्या 20 लाख के पार हुई थी। पीटीआई द्वारा तैयार की गई तालिका के अनुसार कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 30,37,657 हो गई और मृतक संख्या बढ़कर 56,762 हो गई। महामारी को मात देकर ठीक होने वालों की संख्या 22,71,054 हो गई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!