Times Now C voter Survey: बिहार चुनाव से पहले जानें मोदी सरकार और PM को लेकर लोगों का मूड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 11, 2020, 12:59 AM IST

Times Now C voter Survey: बिहार चुनाव से पहले टाइम्स नाउ ने सी वोटर के साथ मिलकर लोगों का मूड जाना है। पता लगाया गया है कि लोग मोदी सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के काम से कितने संतुष्ट हैं।

नई दिल्ली: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले TIMES NOW ने लोगों का मूड जानने की कोशिश की है। लोगों से जाना गया है कि एनडीए सरकार से वो कितने संतुष्ट हैं। मोदी सरकार ने कोरोना वायरस महामारी को किस तरह संभाला है। अर्थव्यवस्था को उभारने के लिए सरकार क्या कर रही है। लोगों से मोदी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम को लेकर सवाल किए गए। ये सर्वे टाइम्स नाउ और सी वोटर ने मिलकर किया है।

लोगों से पूछा गया कि एनडीए सरकार के प्रदर्शन से आप कितने संतुष्ट हैं? 36.27% लोगों ने कहा कि बहुत संतुष्ट हैं। 31.86% कुछ हद तक संतुष्ट हैं, जबकि 31.58% बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। लोगों से दूसरा सवाल पूछा गया कि पीएम नरेंद्र मोदी के प्रदर्शन से आप कितने संतुष्ट हैं? इसके जवाब में 43.89% ने कहा कि वे बहुत संतुष्ट हैं। 31.16% कुछ हद तक संतुष्ट हैं और 24.95% संतुष्ट नहीं हैं।  

राहुल गांधी से काफी आगे पीएम मोदी

लोगों से एक और सवाल किया गया कि अगर आपको मौका दिया जाए कि आप नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी में से किसे चुनेंगे? इसके जवाब में 66.07% लोगों ने पीएम मोदी का चुनाव किया, राहुल गांधी को 23.73% लोगों ने चुना और 5.93% ने दोनों को नहीं चुना। सर्वे में पूछा गया कि राज्य के मुख्यमंत्री के प्रदर्शन से आप कितने संतुष्ट हैं? 25.46% ने कहा कि बहुत संतुष्ट हैं। 34.29% ने कहा कि कुछ हद तक संतुष्ट हैं। जबकि 40.24% बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं। 

लोगों से पूछा गया कि आज आपके सामने सबसे बड़ा मुद्दा क्या है? 51.16% ने बेरोजगारी को सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बताया, महामारी जैसे कि कोरोना आदि को 12.61% ने बड़ा मुद्दा बताया, जबकि 7.43% के लिए भ्रष्टाचार मुद्दा है। 

एक सवाल में पूछा गया कि आप किससे सबसे ज्यादा नाराज हैं और उसे हटते हुए देखना चाहेंगे? इसके जवाब में 24.1% ने मुख्यमंत्री का नाम लिया। 12.27% ने  केंद्र सरकार का नाम लिया। 10.19% मौजूदा विधायकों को बदलना चाहते हैं, जबकि 53.44% ने अन्य कहा। लोगों से पूछा गया कि राज्य सरकार के प्रदर्शन से आप कितने संतुष्ट हैं? जवाब में 19.01%  ने कहा कि बहुत संतुष्ट। 43.32% ने कहा कि कुछ हद तक संतुष्ट और 37.67%  बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। 

End of Article