PM नरेंद्र मोदी की काशी से शिंजो आबे का था खास नाताः माथे पर तिलक, हाथ में थाल ले तब की थी मां गंगा की आरती, देखें- VIDEO

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2022, 05:00 PM IST

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज हस्तियों ने दुख जताया है। भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा है कि आबे उनके प्रिय दोस्तों में से एक थे। वह जब गुजरात के सीएम थे, तब से जापानी नेता को जानते थे।

PM नरेंद्र मोदी की काशी से शिंजो आबे का था खास नाताः माथे पर तिलक, हाथ में थाल ले तब की थी मां गंगा की आरती, देखें- VIDEO
Photo Credit: YouTube

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे बेशक अब इस दुनिया में न हों, पर वे पीएम नरेंद्र मोदी और कई भारतीयों के दिल और यादों में रहेंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि वह हिंदुस्तानी पीएम के अच्छे दोस्त होने के साथ हमारे मुल्क से भी खासा लगाव रखते थे। 

पूर्व पीएम का भारत प्रेम एक बार नहीं बल्कि कई मौकों पर देखने को मिला। फिर चाहे पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हो या उनके गृह राज्य गुजरात में। आबे जब-जब भारत आए तब-तब उन्होंने भारत और यहां के नेताओं के साथ अपनी घनिष्ठता का परिचय दिया। यही वजह है कि उनकी हत्या के बाद भारत में शुक्रवार (नौ जुलाई, 2022) को राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। 

आबे ने करीब नौ साल में भारत के चार दौरे किए, जिनमें एक दौरा बनारस का भी था। अपनी तीसरी इंडिया यात्रा के दौरान वह पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र आए थे। शहर के दौरे के साथ उन्होंने प्रख्यात और प्राचीन गंगा आरती में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। 

आबे ने तब माथे पर तिलक लगवा और हाथ में थाली ले खुद गंगा मां की आरती उतारी थी। इस दौरान पीएम मोदी और अन्य लोग भी साथ थे। यही नहीं, इस कार्यक्रम के दौरान वह पीएम को अपने फोन से फोटो भी दिखाते देखे गए थे। 

शिंजो आबे से जुड़ी ये बातें जानते हैं आप?:

  • जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे ने सीकी यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में साल 1977 में बीएस किया था।
  • वह पहले ऐसे जापानी पीएम थे, जिनका जन्म दूसरे विश्व युद्ध के बाद हुआ था।
  • उनके दादा नोबूसुके किशी भी जापान के पीएम रहे। उनका कार्यकाल 1957 से 1960 के बीच चला था। 
  • आबे के ताऊ ईसुक साटो 1964 से 1972 के बीच पीएम रहे। उन्हें नोबल पीस प्राइज भी मिला था।
  • पीएम नरेंद्र मोदी तब गुजरात के सीएम थे, तब से वह शिंजो आबे को जानते थे।
  • पूर्व भारतीय राजदूत सुजान चिनॉय के मुताबिक, आबे आईसक्रीम के बड़े शौकीन थे।
End of Article