BJP नेता केएस ईश्वरप्पा के बोल- RSS का झंडा किसी दिन राष्ट्रीय ध्वज बनेगा, इसमें कोई शक नहीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2022, 05:36 PM IST

कर्नाटक के पूर्व मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने रविवार को कहा कि भगवा झंडा त्याग की निशानी है। आरएसएस का झंडा किसी दिन राष्ट्रीय ध्वज बनेगा, इसमें कोई शक नहीं है।

BJP नेता केएस ईश्वरप्पा के बोल- RSS का झंडा किसी दिन राष्ट्रीय ध्वज बनेगा, इसमें कोई शक नहीं

कर्नाटक सरकार में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा ने रविवार को एक नया विवाद खड़ा करते हुए कहा कि भगवा झंडा भविष्य में देश का राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है। उन्होंने कहा कि भगवा झंडा आज या किसी दिन इस देश में राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है। इसमें संशय नहीं है। तिरंगा हमारे संविधान के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज है और हम इसे वह सम्मान देते हैं जिसका वह हकदार है।

ईश्वरप्पा ने कहा कि भगवा के प्रति सम्मान की शुरुआत न तो कल से हुई और न ही आज से, हजारों साल से इसका सम्मान किया जाता रहा है। आरएसएस का झंडा किसी दिन राष्ट्रीय ध्वज बन जाएगा, इसमें कोई शक नहीं है। यह बलिदान का प्रतीक है। बलिदान की भावना को सामने लाने के लिए आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) भगवा ध्वज को सामने रखकर पूजा करता है।  

उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया द्वारा आरएसएस पर तीखे हमलों पर पलटवार करते हुए कहा कि इससे शर्मिंदा होने का कोई सवाल ही नहीं है। इससे पहले ईश्वरप्पा ने 9 फरवरी को कहा था कि हम हर जगह भगवा झंडा फहराएंगे। आज नहीं तो कल भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा। लाल किले पर भी भगवा झंडा फहराया जाएगा।

अप्रैल के महीने में ठेकेदार संतोष पाटिल की कथित आत्महत्या को लेकर उठे विवाद के बीच केएस ईश्वरप्पा ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। संतोष पाटिल के भाई प्रशांत पाटिल ने बताया था कि एक परियोजना में 4 करोड़ रुपए का निवेश किया था और उसका बिल अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि संतोष कई बार मंत्री ईश्वरप्पा से मिले थे और उनसे बिल को मंजूरी देकर धनराशि जारी करने का अनुरोध किया था लेकिन ईश्वरप्पा के करीबी कर्मी बसवराज और रमेश उनसे 40 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे।

End of Article