कर्नाटक के मंत्री ने कहा- लाल किले पर भगवा लहराएगा, कांग्रेस ने कहा- देशद्रोह का मामला दर्ज हो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 16, 2022, 03:32 PM IST

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने कहा है कि लाल किले पर भगवा झंडा फहराने के बयान के लिए ग्रामीण विकास और पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

कर्नाटक के मंत्री ने कहा- लाल किले पर भगवा लहराएगा, कांग्रेस ने कहा- देशद्रोह का मामला दर्ज हो

कर्नाटक के मंत्री के ईश्वरप्पा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि एक दिन लाल किले पर भगवा लहराएगा। इसे लेकर कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस ने हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने हाल ही में कहा था कि हम लाल किले पर भगवा झंडा फहराएंगे। मुख्यमंत्री को उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर देना चाहिए। इस बयान के बाद उन्हें मंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि लाल किले पर झंडा फहराने की कोशिश करने वाले किसानों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी तरह कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा के बयान के लिए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। 

सिद्धारमैया की मांग का जवाब देते हुए कर्नाटक के कानून मंत्री जेसी मधु स्वामी ने विधानसभा में कहा कि ईश्वरप्पा से मीडिया ने पूछा था कि क्या लाल किले पर भगवा झंडा फहराया जाएगा। जवाब में उन्होंने कहा 'शायद एक दिन'। हम कहते हैं कि राष्ट्रीय ध्वज हमारा झंडा है। 

ये दिया था बयान

10 फरवरी को ईश्वरप्पा ने कहा था कि आज नहीं बल्कि भविष्य में किसी दिन 100, 200 या 500 साल बाद भगवा झंडा राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर हंसते थे लोग, क्या अब हम नहीं बना रहे? अब देश में हिंदुत्व की चर्चा हो रही है। तिरंगे को संवैधानिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज के रूप में स्वीकार किया गया है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए। जो इसका सम्मान नहीं करेंगे वे देशद्रोही होंगे... भविष्य में कभी देश में 'हिंदू धर्म' रहेगा। फिर हम लाल किले पर भगवा झंडा फहराएंगे।
 

End of Article