नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को निशाना बनाया है। देश के युवाओं को ट्वीट करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी और शाह ने आपके भविष्य को तबाह कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने उन पर देश को बांटने और नफरत फैलाने का भी आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'भारत के प्रिय युवाओं, मोदी और शाह ने आपके भविष्य को बर्बाद कर दिया है। वो नौकरियों की कमी और अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर आपके गुस्से का सामना नहीं कर सकते। यही वजह है कि हमारे प्यारे भारत को बांट रहे हैं और नफरत के पीछे छिप रहे हैं। हम हर भारतीय के प्रति स्नेह दिखाकर इनको पराजित कर सकते हैं।'
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश की कई यूनिवर्सिटीज के छात्र सड़कों पर आए। कई मौकों पर ये प्रदर्शन हिंसक भी हुआ।
रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल विधेयक के बारे में लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, गुमराह करने, भ्रम फैलाने वाली बातें कह रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य दलों पर लोगों के बीच डर फैलाने और नागरिकता संशोधन कानून पर मुस्लिमों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार की योजनाओं में कभी भी धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया गया। पीएम ने कहा कि नागरिकता कानून और प्रस्तावित एनआरसी का भारतीय मुस्लिमों से कुछ लेना देना नहीं है।
Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।