कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को गैंगरेप पीड़िता के परिवार से मुलाकात की लेकिन हाथरस जाने के दौरान यहां डीएनडी पुल पर पुलिस की कुछ ऐसी तस्वीरें सामनें आई हैं जिनमें पुरुष पुलिसकर्मी प्रियंकां गांधी वाड्रा का कुर्ता पकड़कर खींच रहा है, इस मामले को लेकर यूपी पुलिस की खासी आलोचना हो रही है। कुर्ता पकड़े तस्वीर वायरल होने पर नोएडा पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। नोएडा पुलिस ने ट्विटर पर यूपी पुलिस को टैग की गई प्रियंका की उस फोटो पर खेद जताया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी उनका कुर्ता पकड़े दिख रहा है।
वहीं अलीगढ़ निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ब्रजमोहन शर्मा की ओर से राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की गई है और मांग की है कि जिस पुरुष पुलिसकर्मी ने मर्यादा लांघते हुए ऐसा कृत्य किया, उस पर मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त किया जाए। वहीं कांग्रेस नेता नितिन राउत ने भी ट्विवट कर यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए तंज कसा था।
वहीं अब महाराष्ट्र भाजपा उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के हाथरस जाते समय दिल्ली-उप्र सीमा पर उनके साथ कथित रूप से बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ 'कड़ी कार्रवाई' करने की मांग की है।वाघ के इस रुख का कांग्रेस नेताओं ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वाघ पिछले साल भाजपा में जाने के बावजूद अपने 'संस्कार' नहीं भूली हैं।
हाथरस में पीड़िता के परिवार से मिलने आ रहे थे राहुल और प्रियंका गांधी
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के साथ शनिवार दोपहर उस दलित युवती के परिवार से मिलने हाथरस जा रही थीं, जिसकी कथित रूप से सामूहिक बलात्कार के बाद मौत हो गई थी।प्रियंका जब वहां जा रही थीं तो दिल्ली-उप्र सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान हेलमेट पहने हुए एक पुलिसकर्मी ने डीएनडी टोल प्लाजा पर प्रियंका को रोकने का प्रयास किया और आरोप हैं कि पुलिसकर्मी ने कांग्रेस महासचिव के परिधान पकड़कर उन्हें रोका।वाघ ने ट्वीट किया, 'एक पुलिस अधिकारी की महिला नेता के कपड़े पकड़ने की हिम्मत कैसे हुई।'उन्होंने कहा कि पुलिस को हमेशा अपनी हदों में रहना चाहिये।वाघ ने कहा, 'भारतीय संस्कारों में विश्वास रखने वाले योगी आदित्यनाथ जी को ऐसे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिये।'
वाघ ने ट्वीट के साथ प्रियंका गांधी की वह तस्वीर भी साझा की।महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के प्रमुख सत्यजीत तांबे ने वाघ के रुख की प्रशंसा की है।उन्होंने कहा कि पिछले साल राकांपा छोड़ भाजपा में शामिल हुईं वाघ पार्टी बदलने के बावजूद अपने 'संस्कार' नहीं भूली हैं।इससे पहले गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने प्रियंका गांधी से खेद प्रकट करते हुए कहा कि उसने इस मामले की जांच के आदेश दिये हैं।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.