Assam Polls : असम में महिलाओं-युवाओं पर प्रियंका गांधी की नजर, आज चाय बागान में तोड़े पत्ते  

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2021, 12:22 PM IST

Assam Assembly Elections 2021 : प्रियंका गांधी अपनी इस दो दिनों की यात्रा से युवाओं एवं महिलाओं को कांग्रेस के नेतृत्व वाले सात दलों के गठबंधन से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं।

Assam Polls : असम में महिलाओं-युवाओं पर प्रियंका गांधी की नजर, आज चाय बागान में तोड़े पत्ते  
Photo Credit: ANI

गुवाहाटी : असम विधानसभा चुनावों में अलग-अलग वर्गों तक अपनी पहुंच बनाने एवं उन्हें अपनी तरफ रिझाने के लिए कांग्रेस की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राज्य के दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने कामाख्या मंदिर में पूजापाठ एवं दर्शन किए और लखीमपुर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। अपनी यात्रा के अगले पड़ाव में मंगलवार को वह विश्वनाथ जिले के सधुरू चाय बागान पहुंचीं। यहां बाग में प्रियंका चाय बाग के अन्य कर्मचारियों की तरह वेशभूषा में नजर आईं। उन्होंने बाग में चाय की पत्तियों को अपने हाथ से चुनकर टोकरी में डाला।

तीन चरणों में होने हैं राज्य में चुनाव
असम में तीन चरणों में (27 मार्च, 1 और छह अप्रैल) को चुनाव होने हैं। जबकि नतीजा दो मई को आएगा। इस बार राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस-एआईयूडीएफ के बीच है। कांग्रेस की कोशिश चुनावी राज्य में सभी तबके तक अपनी पहुंच बनाने की है। इसके लिए वह एक रणनीति के तहत काम कर रही है। 

महिलाओं को आकर्षित करने की कोशिश
चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि प्रियंका का कामाख्या मंदिर में पूजापाठ हिंदू वोटरों को आकर्षित करने की एक कोशिश है। प्रियंका अपनी इस दो दिनों की यात्रा से युवाओं एवं महिलाओं को कांग्रेस के नेतृत्व वाले सात दलों के गठबंधन से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं। राज्य में सोमवार को प्रियंका ने दो बैठकें कीं। उनकी पहली बैठक लखीमपुर में युवाओं के साथ हुई जबकि दूसरा कार्यक्रम गोहपुर में चाय बागान कर्मियों एवं महिला स्यवं-सहायता समूहों के साथ हुआ। 

जिले और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
इन दोनों समूहों पर भाजपा की भी नजर है। लखीमपुर में कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, 'आप राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। मैं यहां सभी लोगों के लिए एक कार्यक्रम की शुरुआत करने आई हूं। यह प्रदर्शन अब राज्य के प्रत्येक जिले एवं ब्लॉक में होगा। आपको अपने नेता को जानने की जरूरत है। आप अगर सच्चाई नहीं जानेंगे तो आप अपना भविष्य सुरक्षित नहीं कर पाएंगे। भाजपा की सरकार ने यहां 25 लाख नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन पांच सालों में उन्होंने 80,000 नौकरियां भी नहीं दीं।'

भाजपा सरकार पर निशाना साधा
गोहपुर में महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रियंका ने उनसे कांग्रेस गठबंधन के पक्ष वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा, 'चुनाव नजदीक आने पर वे स्कूटी बांट रहे हैं...स्वंय सहायता समूहों की मदद कर रहे हैं। वे पिछले पांच साल तक क्या कर रहे थे। आपका जीवन काफी मुश्किल भरा है। आपको चुप नहीं रहना है। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। सरकार ने अपराध रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया है।'  

End of Article