पुणे को आज मिलेगी ₹ 11,400 करोड़ की सौगात, मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे PM मोदी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 6, 2022, 06:00 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुणे में लगभग 11,400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री यहां कई अन्‍य विकास परियोजनाओं का भी शिलान्‍यास करेंगे।

पुणे को आज मिलेगी ₹ 11,400 करोड़ की सौगात, मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे PM मोदी
Photo Credit: PTI

पुणे : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार, 6 मार्च) पुणे मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर 11,400 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। 32.2 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो रेल परियोजना में से 12 किलोमीटर के हिस्से का प्रधानमंत्री उद्घाटन करेंगे, जिसकी आधारशिला उन्‍होंने 24 दिसंबर, 2016 को रखी थी। प्रधानमंत्री यहां कई अन्‍य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

इस संबंध में जारी जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी पूर्वाह्न 11 बजे पुणे नगर निगम (PMC) के परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा 1,850 किलोग्राम 'गनमेटल' से बनी है और लगभग 9.5 फुट ऊंची है। इसके बाद पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे वह पुणे मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे, जो पुणे शहर में लोगों को आवाजाही के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करेगी।

कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री गरवारे मेट्रो स्टेशन से आनंदनगर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी करेंगे। इससे पहले गरवारे मेट्रो स्टेशन पर वह एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। पीएम मोदी यहां कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे, जिनमें मुला-मुथा नदी परियोजनाओं के कायाकल्प और प्रदूषण नियंत्रण परियोजना भी शामिल है। इसके तहत नदी के 9 किलोमीटर के हिस्से में लगभग 1,080 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

प्रधानमंत्री यहां बालेवाड़ी में बने आरके लक्ष्मण आर्ट गैलरी एवं संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे, जहां प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट आरके लक्ष्मण द्वारा बनाए गए कार्टून प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका मुख्य आकर्षण मालगुडी गांव पर आधारित एक लघु मॉडल है। पीएम मोदी करीब 1:45 बजे सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारंभ भी करेंगे।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!