Terror Attack on Migrant Labourers: इस वक्त की बड़ी ख़बर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा से सामने आ रही है जहां आतंकियों ने मजदूरों पर ग्रेनेड से हमला किया है। आतंकी हमले में एक मजदूर की मौत हो गई है जबकि दो घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिन मजदूरों को निशाना बनाकर आतंकियों ने हमला किया वो सभी बिहार के रहने वाले हैं। मृतक बाहरी मजदूर की पहचान मोहम्मद मुमताज पुत्र मोहम्मद जालू निवासी सकवा परसा, बिहार के रूप में हुई है। घायलों की पहचान बिहार के रामपुर निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र मोहम्मद अजीज और मोहम्मद मजबूल पुत्र मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है। दोनों की हालत स्थिर हैं।
उपराज्यपाल का ट्वीट
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलवामा में मजदूरों पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की निंदा की। एलजी सिन्हा ने स्थिति को संज्ञान में लेते हुए आंतंकियों के खिलाफ एक्शन लेने का आश्वासन दिया। उपराज्यपाल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया, 'पुलवामा में मजदूरों पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना मोहम्मद मुमताज के परिवार के साथ है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैं लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि इस घिनौने हमले को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।'
पुलिस का ट्वीट
पुलिस ने बताया कि घायल दोनों मजदूरों की हालत स्थिर है। हमले के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी थी। कश्मीर जोन पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, 'पुलवामा के गदूरा इलाके में आतंकवादियों ने बाहरी मजदूरों पर ग्रेनेड फेंका। इस आतंकी घटना में एक मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आगे की जानकारी दी जाएगी।'

