Mamta Banerjee ने बताया कैसे उनका विमान टकराने से बचा, 6 हजार फीट नीचे आ गया था प्लेन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 8, 2022, 07:35 AM IST

Mamta Banerjee News : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि पायलट की सूझबूझ की वजह से उनके विमान दूसरे प्लेन के साथ टकराने से बच गया। टर्बुलेंस की वजह से उनका विमान 6 हजार फीट नीचे आ गया था।

Mamta Banerjee ने बताया कैसे उनका विमान टकराने से बचा, 6 हजार फीट नीचे आ गया था प्लेन
Photo Credit: PTI

Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि दो दिन पहले उनका विमान एक अन्य प्लेन के सामने आ गया था और पायलट की सूझबूझ की वजह से विमान एक-दूसरे के साथ सीधी टक्कर से बच गए और एक बड़ा हादसा टला। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनका विमान किसी एयर पॉकेट में नहीं आया था। तीन दिन पहले टीएमसी सुप्रीमो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने के बाद राज्य लौट रही थीं तभी यह घटना हुई।

...तो टकरा जाते विमान-ममता
उन्होंने विधानसभा में संवाददाताओं से कहा, 'अचानक से एक अन्य विमान मेरे विमान के सामने आ गया था। अगर 10 सेकंड तक वही स्थिति रहती तो दोनों विमान टकरा जाते। पायलट की मुस्तैदी के कारण मैं बच गई। विमान छह हजार फीट नीचे आ गया था। मुझे पीठ और छाती में चोट आई। अब भी मुझे दर्द है।'

'मैं डरने वाली नहीं', वाराणसी में अखिलेश यादव के समर्थन में ममता बनर्जी की रैली, बीजेपी पर जमकर बरसीं


राज्य सरकार ने डीजीसीए से रिपोर्ट मांगी
सीएम के विमान में उड़ान के दौरान दिक्कत पेश आने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) से रिपोर्ट तलब की थी। राज्य सरकार ने डीजीसीए से जानना चाहा कि बनर्जी के निजी विमान के मार्ग को मंजूरी दी गई थी या नहीं। बनर्जी का दावा है कि उनका विमान किसी एयर पॉकेट में नहीं गया था। शुक्रवार शाम को बनर्जी वापस कोलकाता लौट रही थीं तभी टर्बुलेन्स पैदा हुआ जिससे बाद उनका विमान अजीब तरीके से हिलने लगा।

वाराणसी में ममता बनर्जी का कई जगह विरोध, दिखाए गए काले झंडे, लगे जय श्री राम के नारे,अखिलेश यादव ने कही ये बात


कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
पायलट विमान को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारने में कामयाब रहा। मुख्यमंत्री दसॉ फाल्कन 2000 में सवार थीं, जो 10.3 टन वजन का हल्का विमान है, जिसमें दो फ्लाइट अटेंडेंट सहित अधिकतम 19 लोगों को ले जाने की क्षमता है।

End of Article