Jammu Kashmir: एक्ट्रेस अमरीन की हत्या करने वाले दोनों आतंकी ढेर, 3 दिन में 10 आतंकवादियों का सफाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 27, 2022, 08:56 AM IST

Awantipora Encounte: जम्मू कश्मीर में टीवी एक्ट्रेस अमरीन भट की हत्या करने वाले दोनों आतंकी मारे जा चुके हैं। बीती रात सुरक्षाबलों ने कुल चार आतंकियों को ढेर किया है।

 Jammu Kashmir: एक्ट्रेस अमरीन की हत्या करने वाले दोनों आतंकी ढेर, 3 दिन में 10 आतंकवादियों का सफाया

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है जहां सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी। दो अलग-अलग एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 4 आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने अवंतीपोरा में 2 आतंकियों को मार गिराया वहीं श्रीनगर के सौरा में लश्कर के 2 आतंकी ढेर कर दिए गए। मारे गए आतंकियों में वो 2 आतंकी वो भी शामिल हैं जिन्होंने दो दिन पहले टीवी एक्ट्रेस आमरीन भट्ट की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घाटी में 3 दिन में 10 आतंकियों का सफाया हो चुका है। 

आईजीपी का बयान

विजय कुमार, IGP कश्मीर ने बताया, 'कल रात 2 एनकाउंटर हुए जिसमें सोर, श्रीनगर में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए। इनके पास से 1 एके-47 और एक पिस्टल बरामद हुई है।  अवंतीपोरा मुठभेड़ में, टीवी कलाकार अमरीन भट की हत्या करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकवादी मारे गए है। कुल मिलाकर पिछले तीन दिनों में कुल 10 आतंकवादी मारे गए हैं जिसमें 7 लश्कर के आतंकी हैं जबिक 3 जैश-ए- मोहम्मद से ताल्लुक रखते हैं।'  अवंतीपोरा में मारे गए दोनों आतंकी स्थानीय हैं जिनकी पहचान शाहिद मुश्ताक भट और फरहान हबीब के रूप में हुई है। उन्होंने लश्कर के कमांडर लतीफ के निर्देश पर टीवी एक्ट्रेस की हत्या कर दी थी। इनके पास से 1 एके 56 राइफल, 4 मैगजीन और एक पिस्टल बरामद हुई है।

की थी एक्ट्रेस की हत्या

जम्मू और कश्मीर पुलिस ने बताया है कि श्रीनगर के सौरा इलाके में मारे गए आतंकियों की पहचान शाकिर अहमद वाजा और आफरीन आफताब मलिक के रूप में हुई है। इनके पास से हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। टीवी एक्ट्रेस की हत्या के बाद पुलिस औऱ सुरक्षाबलों ने अवंतीपोरा में पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए हमलावरों की तलाश तेज कर दी थी। अमरीन भट टीवी कलाकार और सोशल मीडिया स्टार थीं जिनकी बड़गाम जिले के चदूरा में बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उनका 10 वर्षीय भतीजा इस हमले में घायल हो गया था।

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस महीने कहा था कि घाटी में स्थानीय आतंकवादियों की संख्या कम होने के बाद विदेशी आतंकवादियों के लिए बिल से बाहर निकलना मजबूरी हो गई है।
 

End of Article