शहर

JDU का विरोध नहीं, बस नीरज का विरोध, AK-47 भी रखवाया था- अनंत सिंह ने खोल दिया मोर्चा

मोकामा विधायक अनंत सिंह ने आज यह ऐलान कर दिया है कि वो JDU नेता नीरज कुमार का एमएलसी चुनाव में विरोध करेंगे।

Image

जदयू विधायक अनंत सिंह का खुला ऐलान, नीरज कुमार का चुनाव में करेंगे विरोध (AI Photo- Newsroom verified)

बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के नेता नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि नीरज कुमार की हार निश्चित है, वो विरोध करेंगे। ये पार्टी का चुनाव ही नहीं है। अनंत सिंह मोकामा से जदयू के विधायक हैं तो वहीं नीरज कुमार जदयू के प्रवक्ता और एमएलसी। नीरज पिछले कई चुनावों में अनंत सिंह के खिलाफ रहे हैं, चाहे अनंत सिंह पार्टी से लड़े हों या निर्दलीय। अब अनंत सिंह उसी का बदला, एमएलसी चुनाव में लेने की तैयारी में हैं।

बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के विधान पार्षद नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तीखे प्रहार करते हुए उनके नार्को टेस्ट कराने तक की मांग कर डाली है।

नीरज ने हमेशा पार्टी प्रत्याशियों का विरोध किया- अनंत सिंह

पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार पार्टी लाइन के खिलाफ काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा: “नीरज कुमार ने ललन सिंह का भी विरोध किया था और जब मैं चुनाव लड़ा, तब मेरा भी जमकर विरोध किया था। आप सभी लोग उस समय का वीडियो उठाकर देख लीजिए।”

अनंत सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वे पार्टी का चुनाव लड़ते हैं, तब समर्थन करने के बजाय विरोध किया जाता है।

मेरे वोट से मुख्यमंत्री और ललन बाबू के वोट से बनते हैं प्रधानमंत्री- अनंत सिंह

अपने अंदाज में हमला बोलते हुए अनंत सिंह ने कहा कि यह तो पार्टी का चुनाव ही नहीं है। उन्होंने कहा- “मेरे वोट से राज्य का मुख्यमंत्री बनता है और ललन बाबू के वोट से देश का प्रधानमंत्री बनता है। इसके (नीरज कुमार के) वोट से क्या बनेगा? यह पार्टी का चुनाव नहीं है।”

घर में AK-47 रखवाकर फंसाने का आरोप

अनंत सिंह ने अपने ऊपर हुए पुराने मामलों का जिक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाया कि उनके घर में AK-47 रखवाकर उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि इस पूरी साजिश में नीरज कुमार शामिल था। सच सामने लाने के लिए नीरज कुमार का नार्को टेस्ट करवाया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यह बात वे पार्टी की बैठक में भी उठा चुके हैं।

सिर्फ नीरज कुमार से विरोध- अनंत सिंह

अनंत सिंह ने साफ किया कि उनका विरोध जनता दल यूनाइटेड (JDU) से बिल्कुल नहीं है, वे केवल नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वे अपनी पूरी ताकत और दिमाग नीरज कुमार को हराने में लगा देंगे। अनंत सिंह के मुताबिक, इस MLC चुनाव में नीरज कुमार की हार पूरी तरह निश्चित है और उनकी जमानत जब्त होगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!