राजस्थान के सूरतगढ़ में जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, गहलोत सरकार पर साधा निशाना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 11, 2022, 06:15 AM IST

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इन दिनों राजस्थान दौरे पर है जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और साथ ही राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा।

राजस्थान के सूरतगढ़ में जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, गहलोत सरकार पर साधा निशाना

जयपुर: राजस्थान में करीब डेढ़ साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर करने की तैयारियां शुरू कर दी है। केंद्रीय नेतृत्व ने भी राजस्थान पर अपना ध्यान केंद्रित कर लिया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के राजस्थान दौरे पर हैं। इस दौरान 10 मई को को वह सूरतगढ में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में पहुंचे और भाजपा बूथ अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने अध्यक्ष के स्वागत में कोई कसर नहीं रहने दी। नड्डा ने श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में बीकानेर संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक को भी संबोधित किया।

जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मौजूदा गहलोत सरकार पर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि आज अखबार खोलो तो कभी करौली, कभी जोधपुर, की घटनाओं के समाचार दिखते हैं। जिस दिन जोधपुर में लोग सड़कों पर थे, उस दिन गहलोत साहब जयपुर में अपना जन्मदिन मना रहे थे। "जब रोम जल रहा था, तो नीरो बांसुरी बजा रहा था," ये स्थिति इन्होंने खड़ी कर दी है। नड्डा आगे बोले- राजस्थान संस्कारों के लिए, शांति के लिए, विकास के लिए, संस्कृति के लिए जाना जाता है लेकिन राजस्थान का आज का नेता भ्रष्टाचार से, अनाचार से जुड़ा है। दलितों पर, महिलाओं पर उत्पीड़न करने वाली उनकी सरकार है।

कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
अपने कार्यकर्ताओं को मिशन 2023 के लिए तैयार करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि बूथ ही वो रचना है, जो सत्ता का उद्गम स्थान है। हमें जो भी ताकत मिलती है, वो बूथ से ही मिलती है। इसलिए हमारा नारा भी रहा है- हमारा बूथ-सबसे मजबूत। हमें अपने बूथ को मजबूत करना है और वो संस्कार देने हैं, जिससे पार्टी को मजबूती मिले। जो बूथ अध्यक्ष होता है, वो उत्प्रेरक है, वो ताकत प्रदान करता है। वो बूथ के वोटों का रक्षक है। इसलिए सभी बूथ अध्यक्षों से मेरा निवेदन है कि हमारी जमीन मजबूत रहे, उससे हम किसी को भी हराने में सक्षम होंगे और पार्टी की विचारधारा को यशस्वी करने में सफल होंगे।

पीएम मोदी की सोच की प्रशंसा की 
जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि मोदी जी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल दी है। पहले हमारे विपक्षी जातिवाद, संप्रदायवाद, क्षेत्रवाद, परिवारवाद के आधार पर चुनाव लड़ते थे। लेकिन आज उन्हें भी मजबूरी में विकास की बात करनी पड़ती है। भाजपा सरकार गांव, गरीब, पीड़ित, शोषित, किसान, महिला, युवाओं को मजबूत करने के लिए योजनाएं चला रही है। किसानों के लिए सही मायने में किसी ने काम किया है तो वो प्रधानमंत्री जी ने किया है। 11 करोड़ किसानों को साल में 6,000 रुपये की मदद दी जा रही है। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, प्रदेश महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने कार्यकताओं को संबोधित किया।

End of Article