Pulwama terror plot: विस्फोटक से लदी कार के मालिक की पहचान हुई, शोपियां का रहने वाला है हिदायतुल्लाह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 29, 2020, 02:21 PM IST

Pulwama terror plot: जम्मू-कश्मीर पुलिस को शुक्रवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस ने विस्फोटक से लदी कार के मालिक की पहचान कर ली है। यह वांछित अपराधी शोपियां का रहने वाला है।

Pulwama terror plot: विस्फोटक से लदी कार के मालिक की पहचान हुई, शोपियां का रहने वाला है हिदायतुल्लाह
Photo Credit: ANI

श्रीनगर : पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले को निशाने बनाने की साजिश में शामिल एक प्रमुख वांछित की पहचान जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कर ली है। इस वांछित अपराधी की पहचान हिदायतुल्लाह मलिक के रूप में हुई है और यह उस कार का मालिक है जिसमें विस्फोटक लदे हुए थे। मलिक शोपियां का रहने वाला है। मलिक पछिले साल आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन में शामिल हुआ। बता दें कि गुरुवार को सुरक्षाबलों ने आतंकियों की एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी। आतंकवादी यदि अपने नापाक मंसूबे में सफल हो जाते तो सुरक्षाबलों को भारी नुकसान पहुंच सकता था।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'हमने अपनी जांच में पाया कि विस्फोटकों से लदी कार का मालिक हिदायतुल्लाह मलिक है। यह शोपियां के शरतपोरा का रहने वाला है। मलिक हिज्बुल मुजाहिदीन का सक्रिय आतंकवादी है। यह पिछले साल जुलाई में आतंकवादी बना। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश सरगर्मी से कर रहे थे।' 

कार में 45 किलो विस्फोटक लदा था
आतंकवादियों ने पुलवामा की तरह एक बार फिर सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाने की साजिश रची थी लेकिन सुरक्षाबलों की मुस्तैदी की वजह से यह बड़ा हमला टाला जा सका। कार में करीब 45 किलो विस्फोटक लदा था। आतंकियों की मंशा इस कार से सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाने की थी लेकिन उनकी इस साजिश का भंडाफोड़ हो गया।

बम सहित कार को निष्क्रिय किया गया
आतंकियों ने सैंट्रो कार में आईईडी और विस्फोटकट लगाई थी। बाद में इस विस्फोटक सहित कार को निष्क्रिय किया गया। कार को निष्क्रिय किए जाने का एक वीडियो सेना ने जारी किया। इस विस्फोट में कार के परखच्चे उड़ गए और धमाका दूर तक सुनाई दिया। बुधवार रात खुफिया एजेंसियों ने आतंकियों के हमले के बारे में इनपुट दिया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने मिलकर अभियान चलाया। 

साजिश में शामिल एक आतंकवादी पाकिस्तानी
सूचना मिली थी कि एक आतंकवादी विस्फोटक से भरी कार के साथ पुलवामा की तरफ बढ़ रहा है। इस सूचना पर सुरक्षाबलों ने पुलवामा के राजपोरा में सफेद रंग की एक हुंडई सैंट्रो कार को रोका लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर और गोलीबारी करते हुए कार में सवार आतंकवादी भागने में कामयाब हो गया। इस साजिश में सुरक्षाबलों को तीन लोगों की तलाश है जिनमें से एक की पहचान हो गई है। इनमें एक आतंकवादी पाकिस्तान का रहने वाला है और इसी ने आईईडी कार में लगाई थी। जबकि एक स्थानीय युवक है जिसका ब्रेनवाश किया गया है। समझा जाता है कि यह स्थानीय आतंकवादी भी इस साजिश में शामिल है।
 

End of Article