NEET UG 2026 Paper Leak: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI अपनी जांच को जल्द पूरा करने वाली है। जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय जांच ब्यूरो एक हफ्ते के भीतर इस मामले में दूसरी और अंतिम चार्जशीट दाखिल कर सकती है। इसमें फोरेंसिक जांच से मिले सबूतों के साथ उन तीन लोगों की भूमिका का भी जिक्र होने की उम्मीद है, जिन्हें पहली चार्जशीट के बाद गिरफ्तार किया गया था। CBI ने इस मामले में पहली चार्जशीट 28 जुलाई 2026 को दाखिल की थी। इसमें 13 लोगों को आरोपी बनाया गया था।
जांच में NTA से जुड़े विषय विशेषज्ञों, कोचिंग सेंटर संचालकों, बिचौलियों और कुछ उम्मीदवारों की कथित भूमिका सामने आई थी। जांच एजेंसी ने यह पता लगाने के लिए जांच जारी रखी थी कि कहीं इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल तो नहीं था। साथ ही फोरेंसिक रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय का भी इंतजार किया जा रहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: NTA क्या है? जानें इसकी स्थापना से लेकर NEET विवाद तक की पूरी कहानी
तीन और लोगों पर जांच
पहली चार्जशीट दाखिल होने के बाद CBI ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। इन पर आरोप है कि उन्होंने कोचिंग सेंटरों के जरिए कथित तौर पर लीक हुए पेपर का फायदा उठाया। अंतिम चार्जशीट में इनकी भूमिका और फोरेंसिक जांच से मिले सबूतों की जानकारी सामने आ सकती है।
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, CBI की अंतिम चार्जशीट में केंद्र सरकार या NTA के किसी अधिकारी को आरोपी बनाए जाने की संभावना नहीं है। जांच के दौरान किसी सरकारी अधिकारी की कथित पेपर लीक में संलिप्तता साबित नहीं हुई।
जानें कब है अगली सुनवाई
CBI को राउज एवेन्यू कोर्ट ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने के लिए सात दिन का समय दिया है। मामले में अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को होनी है। NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक की शिकायतों के बाद इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा कराई गई।
