दुनिया

'पड़ोसी से रिश्ते रहेंगे मजबूत', बांग्लादेशी दूत की विदाई पर बोले जयशंकर, दिल्ली से ढाका तक बड़ा संदेश

Jaishankar Meets Bangladesh Envoy: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली में बांग्लादेश के निवर्तमान उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह से विदाई मुलाकात की और दोनों देशों के रिश्तों में उनके योगदान की सराहना की।

Image

विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिले निवर्तमान उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह!

Photo : ANI

Jaishankar Meets Bangladesh Envoy: भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में नई दिल्ली और ढाका दोनों जगहों पर कूटनीतिक गतिविधियां तेजी से जारी हैं। इसी क्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली में बांग्लादेश के निवर्तमान उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह से औपचारिक विदाई मुलाकात की। इस दौरान विदेश मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने में उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए लिखा कि बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह का फेयरवेल कॉल पर स्वागत कर उन्हें खुशी हुई। गौरतलब है कि रियाज हामिदुल्लाह ने पिछले साल अप्रैल में भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले वह बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर से भी की थी मुलाकात

एक तरफ जहां नई दिल्ली में विदाई बैठकों का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ ढाका में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी लगातार बांग्लादेशी नेतृत्व के साथ संपर्क में हैं। हाल ही में उन्होंने बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान से मुलाकात कर आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ ही 30 सितंबर को उन्होंने बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर से मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर बातचीत की।

सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी संबंध बनाने पर जोर-रणधीर जायसवाल

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ हमेशा से एक सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी संबंध बनाना चाहता है। उन्होंने दोहराया कि भारत दोनों देशों के बीच किसी भी द्विपक्षीय मुद्दे को सुलझाने के लिए मौजूदा स्थापित तंत्रों के माध्यम से बातचीत करने को पूरी तरह तैयार है। यह कूटनीतिक पहल दर्शाती है कि भारत अपने पड़ोसी देश के साथ हर क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article